राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। प्राकृतिक आपदाओं और अनिश्चित मौसम की मार से फसलों को बचाने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने के लिए अब केवल तीन दिन का समय शेष है। जिले के किसान आगामी 31 जुलाई 2026 तक अपनी खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं। इस वर्ष जिले में धान (सिंचित व असिंचित) और मक्का की फसल को अधिसूचित किया गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ ऋणी व अऋणी किसानों के साथ-साथ भू-धारक, बटाईदार और वनपट्टाधारी कृषक भी उठा सकते हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस साल अल-नीनो के असर से मानसून की अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे सूखा, अतिवृष्टि या लंबे अंतराल तक बारिश न होने जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे जोखिम से निपटने के लिए फसल बीमा किसानों के लिए सबसे बड़ा ढाल है। योजना के तहत बुवाई न हो पाने, रोपाई में विफलता, स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान की भी भरपाई की जाती है। किसी भी आपदा की स्थिति में किसान 72 घंटे के भीतर केंद्र सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देकर सीधे मुआवजा दावा प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। जिन किसानों ने केसीसी या कृषि ऋण लिया है, वे अपनी सेवा सहकारी समिति या बैंक शाखा से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। वहीं अऋणी किसान नजदीकी लोक सेवा केंद्र, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि या सीधे पीएम फसल बीमा पोर्टल के जरिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना ऋण वाले किसानों को बीमा कराने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, जमीन संबंधी दस्तावेज (बी-1 व पी-2) तथा फसल विवरण का स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा। किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से भी मदद ले सकते हैं। विभाग ने विशेष रूप से उन किसानों से भी बीमा कराने का आग्रह किया है, जिन्होंने बीते वर्ष असहमति आवेदन देकर योजना से दूरी बना ली थी। अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय पर बीमा कराने की सलाह दी गई है। मौसम में अनिश्चितता और अल-नीनो के खतरे को देखते हुए फसल बीमा किसानों के लिए बेहद जरूरी है। 31 जुलाई अंतिम तिथि है, इसलिए किसान अंतिम समय का इंतजार किए बिना तत्काल पंजीयन कराएं। जो किसान पिछले वर्ष असहमति आवेदन देकर बाहर हो गए थे, वे भी इस बार अपनी फसलों का बीमा जरूर कराएं ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा में वित्तीय सुरक्षा मिल सके। पीडी हथेश्वर, उप संचालक कृषि बिलासपुर।
Trending
- LIC Q2 परिणाम: शुद्ध लाभ 20% बढ़कर ₹12,076 करोड़; प्रथम वर्ष की प्रीमियम आय में 3.7% की गिरावट – भारतीय पीएसयू
- जीआरएसई ने भारतीय नौसेना को पांचवां एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी युद्धपोत अमिनी सौंपा; बेड़े के निर्माण का मील का पत्थर 119 युद्धपोतों तक पहुंचा – भारतीय पीएसयू
- ओएनजीसी Q2 परिणाम: शुद्ध लाभ 57% बढ़कर ₹15,489 करोड़ हो गया; पहली छमाही में मुनाफा रिकॉर्ड ₹32,522 करोड़ तक पहुंचा – भारतीय पीएसयू
- डीजीवीसीएल ने भारतीय पीएसयू – भूमिगत बिजली नेटवर्क आधुनिकीकरण के लिए राजेश पावर को ₹1,629 करोड़ का ठेका दिया
- अमेरिका में मध्यावधि चुनाव: भारत-यूएस ट्रेड डील पर नया मोड़, बढ़ सकता है टैरिफ का दबाव। India-US Tread Deal – राष्ट्रवाणी
- पेंड्रा: छत्तीसगढ़ के मरवाही में 62 हाथियों की दस्तक: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के 9 स्कूल दो दिन के लिए बंद – राष्ट्रवाणी
- रणजी ट्रॉफी: हैदराबाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ का शिकंजा, 259 रन का लक्ष्य देकर 13 रन पर झटके 2 विकेट – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में अवैध प्रवासियों के खिलाफ बड़ा अभियान, 15 नवंबर से शुरू होगा सघन चेकिंग ड्राइव – राष्ट्रवाणी

