भिलाईनगर, 11 अगस्त 2026। भिलाई के अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस निर्णायक एवं हनुमान सिंह अवॉर्ड से सम्मानित प्रेमराज जाचक को प्रथम पैरा नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 में उप मुख्य निर्णायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में 11 से 13 अगस्त तक इंदौर में आयोजित की जा रही है।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया ने प्रेमराज जाचक की निर्णायक के रूप में विशेषज्ञता और अनुभव को देखते हुए उन्हें प्रतियोगिता का डिप्टी चीफ अंपायर (उप मुख्य निर्णायक) नियुक्त किया है। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के 9 अलग-अलग वर्गों में मुकाबले होंगे। देशभर से लगभग 300 खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे।
दुर्ग जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव उमेश गिरी गोस्वामी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन किया जाता है।
डाक विभाग में कार्यरत प्रेमराज जाचक इससे पहले भी देश-विदेश में आयोजित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में निर्णायक और मुख्य निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। पैरा नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप में उप मुख्य निर्णायक की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
प्रेमराज जाचक की इस उपलब्धि पर दुर्ग जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष नीरज पाल, चेयरमैन विकास कुमार गुप्ता सहित संघ के समस्त पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

