राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। हिर्री क्षेत्र के ग्राम अमसेना में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। चोरों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर सीसीटीवी कैमरे और कार की चाबी चोरी की, फिर कार को चुराकर गांव में ही दो किलोमीटर दूर ले जाकर आग के हवाले कर दिया।
सुबह कार पूरी तरह जली हुई मिली, तब घटना का पता चला। हिर्री क्षेत्र के ग्राम अमसेना निवासी ओमप्रकाश कौशिक सेंट्रिंग का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद परिवार के साथ सोने चले गए थे।
उनकी कार रिश्तेदार राजकुमार कौशिक के घर के पास लॉक कर खड़ी थी। सुबह करीब सात बजे उठने पर उन्होंने देखा कि किचन की खिड़की का लोहे का ग्रिल उखड़ा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि घर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरे गायब हैं और फ्रिज के ऊपर रखी कार की चाबी भी नहीं है।
जब ओमप्रकाश कार खड़ी करने वाली जगह पहुंचे, तो वहां वाहन नहीं था। आसपास तलाश करने पर पता चला कि अमसेना स्थित आयशर शोरूम के बगल में उनकी कार जली हुई हालत में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह जल चुकी थी।
चोरों ने रात 10 बजे से सुबह 7 बजे के बीच इस वारदात को अंजाम दिया। पहले घर में घुसकर सीसीटीवी और चाबी चुराई, फिर कार लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद चोर कार को घर से करीब दो किलोमीटर दूर अमसेना स्थित आयशर शोरूम के पास ले गए और वहां आग लगा दी।
सुबह गांव के लोगों की सूचना पर ओमप्रकाश को कार के बारे में पता चला। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार में आग लगाने का उद्देश्य क्या था और वारदात में कितने लोग शामिल थे। घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों और मार्ग में लगे कैमरों के फुटेज को जांच का अहम आधार माना जा रहा है।
शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए), 326(जी) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की सुरक्षा के लिए लगाए सीसीटीवी कैमरे को ही निशाना बनाया। किचन की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसने के बाद तीन कैमरे निकाल लिए गए, फिर फ्रिज के ऊपर रखी चाबी उठाई गई।
इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपी घर और वाहन की स्थिति से परिचित हो सकते हैं। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हुई है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

