राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ नर्सिंग आफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले बुधवार को सिम्स अस्पताल के नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर स्कूटी रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया।
रैली में शामिल नर्सों ने जोरदार नारेबाज़ी करते हुए अपनी प्रमुख मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की हुंकार भरी। एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में ग्रेड पे में वृद्धि कर 2800 रुपये ग्रेड पे को बढ़ाकर 4800 रुपये किया जाना, नर्सिंग संवर्ग में नियमित भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करना, नर्सिंग स्टाफ का पदनाम बदलकर नर्सिंग आफिसर किया जाना।
ठेका प्रथा को पूरी तरह बंद करना और सिम्स में लंबे समय से ठेका पद्धति के तहत कार्यरत नर्सिंग कर्मचारियों को नियमित भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाए। नर्सिंग आफिसर एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अमर ज्योति का कहना है शासन से हमारी मांग है कि शासन को हमारी मांगों की ओर ध्यान देना चाहिए।
शासन से सहयोग चाहिए, ताकि हमारी मांगे पूरी हो सके। एसोसिएशन ने शासन से अपील की है कि नर्सिंग कर्मचारियों की इन वाजिब समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाएं। एसोसिएशन को पूर्ण विश्वास है कि शासन कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को रीढ़ की हड्डी की तरह संभालने वाली नर्सों को उनका उचित अधिकार और सम्मान अवश्य प्रदान करेगा।

