राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसा है। शनिवार और रविवार को दिनभर चलाए गए प्रदेशव्यापी विशेष जांच अभियान में 364 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर 4.81 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना शुल्क वसूला गया।
गंभीर अनियमितताओं पर पांच वाहन मौके पर जब्त किए गए, जबकि नियमों के विपरीत यात्री बसों के संचालन के 19 मामलों में परमिट निरस्त करने के प्रकरण तैयार किए गए है। इनमें अकेले 17 प्रकरण रायपुर जिले के शामिल हैं। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा मजबूत करने और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर राज्य के सभी जिला परिवहन कार्यालयों ने संयुक्त रूप से दो दिवसीय जांच अभियान चलाया गया था।
बिना परमिट और फिटनेस के दौड़ते मिले वाहन उप परिवहन आयुक्त कृष्ण कुमर पटेल ने बताया कि जांच के दौरान कई वाहन जरूरी दस्तावेजों के बिना संचालित होते पाए गए। बिना वैध परमिट के 12 और फिटनेस प्रमाण पत्र के बिना 10 वाहन सड़क पर दौड़ते मिले। वहीं, तीन वाहन बिना बीमा तथा 27 वाहन वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) के बिना संचालित पाए गए।
इनके अलावा 236 वाहनों में अन्य कमियां और यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया। इन अनियमितताओं के आधार पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कुल 364 वाहनों पर कार्रवाई के दौरान 4,81,300 रुपये का समन शुल्क अर्थदंड के रूप में वसूला गया।
परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बढ़ने की उम्मीद है। दस्तावेज पूरे रखे,अन्यथा होगी कार्रवाई परिवहन विभाग के अधिकारियों ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वाहन सड़क पर उतारने से पहले वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और पीयूसी सहित सभी जरूरी दस्तावेज सुनिश्चित करें।
साथ ही यातायात नियमों का पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

