राष्ट्रवाणी (राजनांदगांव ब्यूरो): प्रतिनिधि, राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, माओवादियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपा रखी थी।
27 अक्टूबर को चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) ने मौके से हथियारों सहित अन्य सामग्री जब्त की। गढ़चिरौली पुलिस को वांगेटुरी क्षेत्र के माचुवांचा गांव के जंगल में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष अभियान दल की चार टुकड़ियों और बीडीडीएस की एक टुकड़ी को तलाशी के लिए रवाना किया गया।
तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मौके से 12 क्लेमोर, 12 बोर की एक राइफल, तीन सिंगल शाट राइफलें, एक एयर गन, एक बोतल आइईडी विस्फोटक, एक जीवित क्लेमोर विस्फोटक, एक वायरलेस माइक सेट, हथियारों की सफाई में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार, 100 सुतली बम और माओवादी वर्दी के पांच जोड़े कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि जब्त माओवादी सामग्री को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अभियान में शामिल विशेष अभियान दल, स्थानीय पुलिस और बीडीडीएस के जवानों की भूमिका की पुलिस अधीक्षक एम रमेश ने सराहना की।
