राष्ट्रवाणी (कोरबा ब्यूरो): प्रतिनिधि, कोरबा: कचरे से भरे ट्रैक्टर पर स्वच्छता दीदियों को बैठाकर ले जाने और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से कचरे का परिवहन करने के मामले में नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल कंपनी मर्यादित के कोरबा पूर्व स्थित डीएसपीएम के मुख्य अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मंगलवार को बुधवारी के समीप कचरे से लदे ट्रैक्टर पर स्वच्छता दीदियों को बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया था। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
घटना के बाद सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा और कचरा परिवहन में नियमों के पालन को लेकर सवाल उठे। मीडिया में मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने जांच कराई। इसमें संबंधित ट्रैक्टर डीएसपीएम, सीएसईबी कोरबा पूर्व के सफाई कार्य में लगा पाया गया।
निगम ने 28 अक्टूबर को कंपनी को जारी नोटिस में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का पालन नहीं किए जाने पर जवाब मांगा है। नोटिस के अनुसार, संस्थान को अपनी आवासीय कॉलोनी और औद्योगिक परिसर में सफाई से निकलने वाले कचरे के एकत्रीकरण, पृथक्करण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करनी है।
निगम ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से कचरा ले जाने, खुले रूप में अपशिष्ट परिवहन और कर्मचारियों को असुरक्षित तरीके से वाहन में बैठाने पर आपत्ति जताई है। कंपनी को तीन दिन के भीतर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित नियमों और श्रम कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है

