राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): रायपुर । संवाददातता: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य शौर्य, साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना. नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के रोमांचकारी हवाई प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए. इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जाँबाजों ने अपने साहसिक करतबों, सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल से उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया. आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा, हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर कर दिया. मुख्यमंत्री साय ने भारतीय वायु सेना के जाँबाजों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम का यह आयोजन सभी के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है. वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ कौशल का प्रदर्शन किया है, वह प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है. उन्होंने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है, जो देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. हवाई प्रदर्शन का रोमांचकारी शुभारंभ भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने किया. खुले आसमान से छलांग लगाते हुए टीम के जाँबाजों ने अपने पैराशूटों को कुशलतापूर्वक नियंत्रित कर अदम्य साहस, संतुलन और सटीकता का परिचय दिया और सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की. इसके पश्चात गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का साहसिक प्रदर्शन किया. हवा में एक स्थान पर स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरते जवानों ने सेंध लेक के सामने रेस्क्यू एवं कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया और मंच को सलामी दी. हवाई प्रदर्शन का सबसे प्रमुख और रोमांचकारी आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही. ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक हवाई करतब प्रस्तुत किए. प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों के बेहद नजदीक से एक-दूसरे को क्रॉस करने वाले रोमांचकारी ‘क्रॉसओवर’ करतब ने दर्शकों की सांसें थाम दीं. इस दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के माध्यम से प्रदेशवासियों का आत्मीय अभिवादन किया. अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ गीत की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की. विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन सारंग टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित दुनिया के अनेक देशों में अपने शानदार प्रदर्शनों से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है. आज आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के पश्चात 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग टीम अपना मुख्य हवाई प्रदर्शन प्रस्तुत करेगी. इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, श्रीमती कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे. रविवार, 01 नवम्बर 2026 रवि, 01 नव. 2026 | 09:15 प्रधानमंत्री खबरें, वीडियो और शॉर्ट्स — एक ही जगह ब्रेकिंग न्यूज़ और बड़ी खबरें सबसे पहले आपके पास।
Trending
- पेट्रोनेट एलएनजी क्यू2 का मुनाफा बढ़कर 1,235 करोड़ रुपये हुआ; भारतीय पीएसयू ने 7 रुपये के लाभांश की घोषणा की
- राजस्व वृद्धि के बावजूद पीटीसी इंडिया का दूसरी तिमाही का शुद्ध लाभ गिरकर ₹113 करोड़ हो गया; सहायक कंपनी को आरबीआई से राहत – भारतीय पीएसयू
- रिलायंस की रिफाइनरी में छप्परफाड़ कमाई, तीसरी तिमाही में भी बरस सकता है पैसा – राष्ट्रवाणी
- घोड़ा मधुमक्खी का हमला कितना खतरनाक, जानिए बचने के तरीके, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – राष्ट्रवाणी
- चूहे को जिंदा जलाया तो पुलिस ने 4 युवकों को भेजा जेल, सामने आई दर्दनाक वीडियो, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान – राष्ट्रवाणी
- ‘क्या जनता इस बार दीपावली मनाना ही छोड़ दे?’ CNG और LPG के दाम बढ़ने पर बिफरी शिवसेना UBT – राष्ट्रवाणी
- मम्मी की पुरानी सिल्क साड़ी से बनवाएं खूबसूरत को-ऑर्ड सेट, देखें डिजाइन्स – राष्ट्रवाणी
- कमाल का है इस बिहारी शख्स का दिमाग, बकरी पालन से कमा रहा लाखों, ऐसे की थी शुरुआत – राष्ट्रवाणी

