राष्ट्रवाणी: अशोक बिल्डकॉन के शेयर सऊदी अरब में 846.38 करोड़ रुपये का कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट रद्द होने के बाद 2% गिरे, इंट्राडे में 6% तक टूटे। सऊदी अरब में अशोक बिल्डकॉन का 846 करोड़ का प्रोजेक्ट रद्द। दिरियाह कंपनी ने आंतरिक कारणों से परियोजना को निरस्त किया।
प्रोजेक्ट रद्द होने से अशोक बिल्डकॉन के शेयरों में गिरावट। नई दिल्ली। 20 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार बड़ी तेजी के साथ बंद हुए लेकिन अशोक बिल्डकॉन के शेयर 2 फीसदी की गिरावट पर क्लोज हुए।
इंट्रा डे के दौरान कंपनी के शेयर 6 फीसदी तक टूट गए थे। अशोक बिल्डकॉन के शेयरों में गिरावट की वजह बनी सऊदी अरब से मिलने वाले ऑर्डर का कैंसिल होना। दरअसल, सऊदी अरब में स्थित कंपनी की एक सब्सिडियरी के 846.38 करोड़ रुपये के कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट को ‘दिरियाह कंपनी’ (Diriyah Company) ने रद्द कर दिया।
गुरुवार को कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि वह इस प्रोजेक्ट के रद्द होने और आगे की कार्रवाई के बारे में स्पष्टीकरण मांगने के लिए ‘दिरियाह’ (Diriyah) से संपर्क कर रही है। इस कॉन्ट्रैक्ट के रद्द होने से सिविल कंस्ट्रक्शन कंपनी के शेयरों में बिकवाली का दबाव बढ़ गया। इस कंपनी के शेयरों में पहले से ही इस साल काफी गिरावट आ चुकी है।
NSE पर अशोक बिल्डकॉन के शेयर 107.24 रुपये पर खुले और 5.8 प्रतिशत गिरकर 106.66 रुपये के इंट्राडे निचले स्तर पर आ गए। हालांकि, क्लोजिंग 111 रुपये पर हुई। इस साल अब तक स्टॉक में लगभग 35 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि पिछले एक साल में इसमें करीब 40 प्रतिशत की कमी आई है।
हालांकि, पिछले एक महीने में अशोका बिल्डकॉन के शेयरों में लगभग 7 प्रतिशत की तेजी आई है। सऊदी अरब में कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई को इस साल फरवरी में ‘वन होटल’ (One Hotel) के डिलीवरी पार्टनर, ‘दिरियाह II’ के मुख्य निर्माण कार्यों के लिए एक कॉन्ट्रैक्ट मिला था। यह कॉन्ट्रैक्ट ‘BEC अरेबिया कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी’ के साथ एक जॉइंट वेंचर के तहत प्राप्त हुआ था।
कंपनी की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिरियाह कंपनी ने आंतरिक कारणों से 846.38 करोड़ रुपये की परियोजना को रद्द कर दिया है। कंपनी ने आगे बताया कि वह इस मामले की पूरी वजह जानने और आगे की कार्रवाई तय करने के लिए नियोक्ता से संपर्क कर रही है। बता दें कि सितंबर तिमाही के अंत में कंपनी की ऑर्डर बुक 15,964 करोड़ रुपये की थी।

