राष्ट्रवाणी: 2027 तक $4,650 के पार जा सकता है सोना, Goldman Sachs ने बताई उछाल की 3 वजहेंGold कीमत Prediction: 2027 तक $4,650 के पार जा सकता है सोना, Goldman Sachs ने बताई कीमतों में उछाल की 3 बड़ी वजहेंWritten by:Agency:Last Updated:November 25, 2026, 08:04 ISTदुनियाभर में सोने की बढ़ती मांग के बीच निवेशकों के लिए एक बड़ी खबर है. Goldman Sachs को आने वाले साल में सोने की कीमतों में अच्छी तेजी की उम्मीद है. बैंक के मुताबिक, सेंट्रल बैंकों की खरीदारी और चीन की सोने के भंडार में हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना इस तेजी की वजह बन सकती है. लेकिन क्या अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने के बावजूद सोने में तेजी रहेगी?
जानें गोल्डमैन सैक्स का नया अनुमान और सोने-चांदी में निवेश को लेकर क्या संकेत मिल रहे हैं.Goldman Sachs का अनुमान है कि 2027 के अंत तक सोने की कीमत 4,650 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच सकती है.सोने की कीमतों को लेकर Goldman Sachs ने बड़ा अनुमान लगाया है. बैंक का मानना है कि साल 2027 के अंत तक सोने का भाव 4,650 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच सकता है. मौजूदा ग्लोबल हालात और दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों की लगातार खरीदारी को देखते हुए सोने की कीमतों को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के बावजूद बैंक सोने को लेकर पॉजिटिव नजरिया रखता है. वहीं, चांदी के मुकाबले सोने का परफॉर्मेंस बेहतर रहने का अनुमान लगाया गया है. 2027 तक क्यों बढ़ सकती हैं सोने की कीमतें?
Goldman Sachs के मुताबिक, सोने की कीमतों में तेजी की सबसे बड़ी वजह दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों की खरीदारी है. साल 2022 के बाद से कई देशों के सेंट्रल बैंकों ने अपने फॉरेन करेंसी रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाई है. इसके पीछे एक बड़ी वजह रूस के फॉरेन करेंसी रिजर्व को फ्रीज किया जाना भी रहा है. इस घटना के बाद कई देशों ने अपने रिजर्व में सोने को ज्यादा महत्व देना शुरू किया. बैंक का अनुमान है कि साल 2028 तक सेंट्रल बैंक हर महीने औसतन 60 टन सोना खरीद सकते हैं. इसकी तुलना में साल 2022 से पहले हर महीने औसतन 17 टन सोने की खरीदारी होती थी. यानी आने वाले सालों में सोने की मांग को सेंट्रल बैंकों से लगातार सहारा मिल सकता है. चीन की खरीदारी से भी मिलेगा सोने को सपोर्ट सोने की मांग बढ़ाने में चीन की भूमिका भी अहम मानी जा रही है. दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन के कुल फॉरेन करेंसी रिजर्व में फिलहाल सोने की हिस्सेदारी करीब 11.8 फीसदी है. Goldman Sachs का मानना है कि चीन भविष्य में इसे बढ़ाकर 20 फीसदी तक कर सकता है. Advertisementअगर चीन समेत दूसरे देश भी अपने रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाते हैं, तो इससे इंटरनेशनल मार्केट में सोने की मांग मजबूत रह सकती है. यही वजह है कि बैंक को लंबी अवधि में सोने की कीमतों में बढ़त की उम्मीद है. चांदी के मुकाबले सोने पर ज्यादा भरोसा क्यों?
Goldman Sachs का मानना है कि सोने को चांदी के मुकाबले ज्यादा मजबूत सपोर्ट मिल रहा है. इसकी मुख्य वजह यह है कि सेंट्रल बैंक बड़े पैमाने पर सोने की खरीदारी करते हैं, जबकि चांदी की मांग में इस तरह की संस्थागत खरीदारी का सहारा नहीं मिलता. चांदी की कीमतों पर निवेशकों की खरीदारी, बाजार में नकदी की उपलब्धता और ब्याज दरों में बदलाव का ज्यादा असर पड़ सकता है. इस साल लंदन के बाजार में नकदी की कमी के दौरान चांदी की कीमत 120 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के पार पहुंच गई थी. हालांकि, Goldman को फिलहाल ऐसी तेजी दोबारा आने की उम्मीद नहीं है. ऊंची ब्याज दरें चांदी से जुड़े फंड में निवेश को भी प्रभावित कर सकती हैं. 2028 तक 5,600 डॉलर तक जा सकता है सोना?
Goldman Sachs के मुताबिक, सोने की कीमतों का आगे का रुख अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों, जियो-पॉलिटिकल टेंशन और निवेश की मांग पर निर्भर करेगा. बैंक का अनुमान है कि अमेरिकी फेड दिसंबर 2026 और मार्च 2027 में ब्याज दरों में 0.25-0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है. हालांकि, इसके बाद जब ब्याज दरों में कटौती शुरू होगी, तो पश्चिमी देशों के निवेशकों की सोने में दिलचस्पी दोबारा बढ़ सकती है. इससे सोने की कीमतों को और मजबूती मिल सकती है. Goldman Sachs ने 2028 के अंत तक सोने का भाव 5,600 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंचने का अनुमान भी जताया है. निवेशकों को किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
सोने की लंबी अवधि की मांग मजबूत रहने का अनुमान है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कीमतें लगातार बढ़ेंगी. अमेरिकी ब्याज दरों में बदलाव, गोल्ड ETF में निवेश का प्रवाह और इंटरनेशनल घटनाओं की वजह से कीमतों में उतार-चढ़ाव ला सकते हैं. निवेशकों को यह भी समझना चाहिए कि Goldman Sachs के ये आंकड़े अनुमान हैं, भविष्य में कीमतें इसी लेवल पर पहुंचेंगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है. इसलिए सिर्फ कीमतों में तेजी की उम्मीद देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए.About the AuthorSub Editorयशस्वी यादव बिजनेस और फाइनेंस जर्नलिज्म से जुड़ी युवा पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब तीन साल का अनुभव है. फिलहाल, वह News18 हिंदी के साथ मनी सेक्शन में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. उनका फोक…Location :New Delhi,New Delhi,DelhiFirst Published :November 25, 2026, 08:04 ISTऔर पढ़ें

