राष्ट्रवाणी (बालोद ब्यूरो): बालोद: ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और दूरस्थ अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के ग्राम जगन्नाथपुर-दरबारी नवागांव-डेंगरापार क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
इस मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 6 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 6 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन की सुगम व सुरक्षित सुविधा प्राप्त होगी।
- ग्राम डेंगरापार निवासी धुरसिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि ग्रामीण लंबे समय से इस जर्जर मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण की लगातार मांग कर रहे थे।
- ग्राम दरबारी नवागांव निवासी दयाराम साहू ने बताया कि कच्ची और गड्ढों से भरी सड़क होने के कारण दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती थी।
- ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होने और क्षेत्र को पक्की सड़क की सौगात मिलने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है।
ग्राम डेंगरापार निवासी धुरसिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि ग्रामीण लंबे समय से इस जर्जर मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण की लगातार मांग कर रहे थे।
पूर्व में सड़क की हालत बेहद खराब थी और जगह-जगह गहरे गड्ढे बने रहते थे। इसके चलते आवागमन करना जोखिम भरा होता था। बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण किसानों को अपने खेतों से धान और सोसायटियों से खाद-बीज लाने-ले जाने में बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि अब सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों की राह आसान हो जाएगी और आवागमन पूरी तरह सुरक्षित व सुलभ रहेगा। ग्राम दरबारी नवागांव निवासी दयाराम साहू ने बताया कि कच्ची और गड्ढों से भरी सड़क होने के कारण दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती थी। साथ ही साथ बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने और स्कूली बच्चों को आने-जाने में अत्यधिक परेशानी झेलनी पड़ती थी।
अब 6.98 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पक्की सड़क और पुलिया से न केवल दुर्घटनाओं पर विराम लगेगा, बल्कि क्षेत्र के सभी ग्रामों का सामाजिक व आर्थिक जुड़ाव भी मजबूत होगा। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होने और क्षेत्र को पक्की सड़क की सौगात मिलने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है।
ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व और सुशासन की सराहना करते हुए इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य के लिए शासन-प्रशासन के प्रति सहृदय आभार प्रकट किया है।

