राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: चलती ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर पेंट्रीकार में कमर्शियल गैस सिलिंडर का अनधिकृत इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। आरपीएफ की जांच और सेफ्टी ड्राइव के दौरान 12950 सांतरागाछी-पोरबंदर कवि गुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में गैस सिलिंडर से खाना बनाते हुए कर्मचारी को पकड़ा गया।

जांच के दौरान एक अतिरिक्त कमर्शियल गैस सिलिंडर भी छिपाकर रखा हुआ मिला। घटना सोमवार की है। बिलासपुर आरपीएफ की टीम चांपा से बिलासपुर सेक्शन के बीच ट्रेन की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान करीब दोपहर 3:20 बजे अधिकृत पेंट्रीकार की जांच की गई। यहां कमर्शियल गैस सिलिंडर का उपयोग कर खाना पक रहा था। पेंट्रीकार का ठेका एमएस अंबुज होटल रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड के पास है।

चेकिंग के दौरान टीम को पेंट्रीकार में एक अतिरिक्त कमर्शियल गैस सिलिंडर भी छिपाकर रखा हुआ मिला। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद फैयाज निवासी कसाब पारा, गार्डन रीच, हावड़ा, पश्चिम बंगाल बताया। वह पेंट्रीकार का मैनेजर है।

आरपीएफ ने जब गैस सिलिंडर के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ किया, तब उसने बयान दिया कि यात्रियों को जल्द भोजन उपलब्ध कराने और व्यक्तिगत सुविधा के लिए वह बिना उचित अधिकार अथवा अनुमति के गैस सिलिंडर का उपयोग कर रहा था। मामले में मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से दो कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए गए और नियमानुसार जब्ती की गई।

इसके बाद आरोपित को वैधानिक कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट बिलासपुर के सुपुर्द किया गया। पोस्ट में इस मामले में अपराध रेल अधिनियम की धारा 153 और 164 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version