राष्ट्रवाणी: अभिनेत्री जीनत अमान ने 52 साल पुरानी एक फिल्म के सीन के लिए 17 दिनों का समय लिया था। एक्ट्रेस जीनत अमान (फोटो क्रेडिट- स्क्रीन शॉट) एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। जीनत अमान को हिंदी सिनेमा की वेटरन एक्ट्रेस के तौर पर जाना जाता है।
70 से लेकर 80 के दशक के बीच जीनत ने लेडी सुपरस्टार के तौर पर इंडस्ट्री पर राज किया और इसी दौरान उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की बेस्ट मूवीज भी दीं। उनमें से एक फिल्म भी ऐसी भी रही थी, जिसके एक सीन के लिए जीनत को 17 दिनों का समय लगा था। कमाल की बात ये थी कि जीनत अमान (Zeenat Aman) की वह 52 साल पुरानी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी।
आइए जानते हैं कि वह कौन सी फिल्म थी। अभिनेत्री जीनत अमान की जिस आइकॉनिक फिल्म के बारे में इस लेख में बात की जा रही है, उसे साल 1974 में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। समाज को आईना दिखाने वाली उस फिल्म का नाम था- रोटी कपड़ा और मकान।
ये एक मल्टी स्टारर फिल्म थी, जिसमें मनोज कुमार, शशि कपूर, अमिताभ बच्चन, जीनत अमान, मौसमी चटर्जी और प्रेम नाथ जैसे कई कलाकारों ने अहम भूमिकाओं को अदा किया था। फिल्म का डायरेक्शन मनोज कुमार ने किया था और ये उनके द्वारा बनाई गई सबसे शानदार मूवीज में से एक रही। आईएमडीबी की रिपोर्ट के अनुसार रोटी कपड़ा और मकान (Roti Kapda Aur Makaan) के क्लाईमैक्स सीन में जीनत अमान का रोने वाला सीन था और इसके लिए मनोज चाहते थे कि जीनत सच में अपने आंसुओं को निकालें।
एक इंटरव्यू के दौरान मनोज कुमार ने बताया था- जीनत अमान कमाल की अदाकारा हैं। मैं चाहता था कि वह अपने आसुओं पर कंट्रोल करें और सीन में डायलॉग के बाद उन्हें बहने दें। फिल्म के लिए मेरे पास सिर्फ 3 दिनों के लिए उनकी डेट्स थीं, क्योंकि अन्य फिल्मों की वजह से वह उन दिनों बहुत व्यस्त थी।
लेकिन उस सीन को खत्म करने में हमें 17 दिन लग गए। मेरी कहने पर उन्होंने अन्य निर्माताओं के साथ अपनी तारीखों में फेरबदल किया। फिल्म रोटी कपड़ा और मकान अपने समय की सबसे सफल मूवीज में से एक मानी जाती है।
इस मूवी की तरह जीनत अमान पर फिल्माया गया गाना- हाय हाय ये मजबूरी… भी काफी लोकप्रिय हुआ था और एक्ट्रेस के डांस मूव्स ने हर किसी को दीवाना बना दिया था।

