नयी दिल्ली: भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृत व्यक्ति की पहचान जितेंद्र रावत (उम्र 35-40वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, अधिकारी विदेश मंत्रालय में ‘ओवरसीज एंप्लॉयमेंट्स एंड प्रोटेक्टरेट जनरल आॅफ एमिग्रेंट्स’ के निदेशक थे। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी अवसाद से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था तथा उनकी मां विदेश मंत्रालय (एमईए) की सोसायटी की पहली मंजिल पर उनके साथ रह रही थीं।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ आईएफएस अधिकारी की पहचान जितेंद्र रावत के रूप में की गयी है। वह पहली मंजिल पर रहते थे। वह चौथी मंजिल पर गए और वहां से छलांग लगा दी। हमें घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।’’

पुलिस के अनुसार, उन्हें सुबह 6.20 बजे सोसायटी के सुरक्षा गार्ड से घटना के संबंध में पीसीआर कॉल मिली। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल आईएफएस अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

सूत्र ने कहा, ‘‘उनकी पत्नी और बच्चे देहरादून में रह रहे हैं। उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है और परिवार के सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।’’ विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दिल्ली स्थित उसके मुख्यालय में कार्यरत एक अधिकारी की शुक्रवार सुबह ‘मृत्यु हो गई’, लेकिन मंत्रालय ने उसका नाम उजागर नहीं किया।

मंत्रालय ने कहा कि वह मृतक के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है और दिल्ली पुलिस के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी की सात मार्च की सुबह नयी दिल्ली में मृत्यु हो गई।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘मंत्रालय दुख और कठिनाई की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। शोक की इस घड़ी में परिवार की निजता का सम्मान करते हुए आगे की जानकारी साझा नहीं की जा रही है।’’

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version