अहमदाबाद: एअर इंडिया विमान दुर्घटना में चमत्कारिक रूप से जीवित बचे विश्वास कुमार रमेश को उपचार के बाद अहमदाबाद सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी और उन्होंने बाद में अपने भाई के अंतिम संस्कार में भाग लिया जो उसी विमान में उनके साथ यात्रा कर रहा था।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ब्रिटेन के लीसेस्टर के 40 वर्षीय कारोबारी विश्वास को मंगलवार शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने पत्रकारों को बताया कि डीएनए जांच में विश्वास के भाई अजय की पहचान होने के बाद उनका शव बुधवार तड़के परिवार को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘विश्वास का परिवार ब्रिटेन से पहले ही यहां पहुंच गया है। स्वस्थ होने के बाद हमने विश्वास को मंगलवार को शाम साढ़े सात बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी और डीएनए का मिलान होने के बाद उनके भाई का शव भी परिवार को सौंप दिया गया।’’

दीव के रहने वाले विश्वास और अजय भारत में अपने परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताने के बाद लंदन लौट रहे थे। सोशल मीडिया पर आयी एक वीडियो में विश्वास को केंद्र शासित प्रदेश दादर और नागर हवेली तथा दमन और दीव के एक जिले दीव में श्मशान घाट में अपने भाई की अर्थी को कंधा देते हुए देखा जा सकता है।

स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि अजय के परिवार के सदस्यों ने बुधवार सुबह दीव में उसका अंतिम संस्कार किया और विश्वास भी वहां मौजूद थे। दुर्घटना के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिविल अस्पताल में विश्वास से मुलाकात की थी और उनका हालचाल पूछा था।

इससे पहले दूरदर्शन को दिए एक साक्षात्कार में विश्वास ने बताया था कि विमान की लंदन के गैटविक हवाई अड्डे तक नौ घंटे की यात्रा थी लेकिन वह अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ सेकंड भीतर ही रुक गया था। विश्वास के अनुसार, उनकी सीट 11ए विमान की बायीं ओर आपातकालीन निकासी द्वार के करीब थी।

उन्होंने पत्रकारों को बताया था, ‘‘सौभाग्य से, विमान का वह हिस्सा जहां मैं बैठा था, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद छात्रावास परिसर के भूतल पर गिर गया। जब मैंने देखा कि विमान का दरवाज़ा टूटा हुआ है, तो मैंने खुद से कहा कि मैं कोशिश करके बाहर निकल सकता हूं। आखिरकार, मैं विमान से बाहर आ गया।’’

दुर्घटना के तुरंत बाद एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा बनायी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी, जिसमें कुमार को दुर्घटना में चोटें आने के बाद एम्बुलेंस की ओर चलते हुए देखा जा सकता है। गौरतलब है कि 12 जून को दोपहर 1.39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद 242 लोगों को लेकर जा रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version