चेन्नई. पूर्व युवा विश्व चैंपियन अंकुशिता बोरो और अरुंधति चौधरी ने सोमवार को यहां पहले बीएफआई कप के महिला वर्ग के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते. अंकुशिता (असम) ने 60-65 किग्रा वर्ग में राजस्थान की पार्थवी ग्रेवाल को 3-2 से हराया जबकि अरुंधति (सेना) ने 65-70 किग्रा वर्ग के फाइनल में स्नेहा को 5-0 से हराकर अपना दबदबा कायम रखा.

विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता परवीन हुड्डा (साई) ने भी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए 57-60 किग्रा वर्ग के एक करीबी मुकाबले में प्रिया (हरियाणा) को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता. अन्य नतीजों में निवेदिता कार्की (उत्तराखंड) ने विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता मंजू रानी (रेलवे) को 3-2 से हराकर 45-48 किग्रा वर्ग का खिताब जीता जबकि भावना शर्मा (रेलवे) ने 48-51 किग्रा वर्ग के फाइनल में सविता (रेलवे) को 5-0 से हराया.

महाराष्ट्र की खुशी जाधव ने 51-54 किग्रा वर्ग में दिव्या पवार को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता और हिमाचल प्रदेश की विनाक्षी धोटा ने 54-57 किग्रा वर्ग में मुश्कन को 5-0 से हराया. मोनिका (साई) ने नीशू (हरियाणा) को 4-1 से हराकर 70-75 किग्रा का खिताब हासिल किया और बबीता बिष्ट ने कोमल (पंजाब) को 75-80 किग्रा के फाइनल में 3-2 से हराया जबकि रितिका (साई) ने शिवानी तोमर को 5-0 से हराकर 80 से 80 किग्रा से अधिक वर्ग का खिताब जीता.

पुरुषों के ड्रॉ में एस विश्वनाथ (सेना) ने गोपी मिश्रा (सेना) पर 5-0 की शानदार जीत के साथ 47-50 किग्रा के फाइनल में प्रवेश किया.
हालांकि एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अमित पंघाल (सेना) को 50-55 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में टीम के ही आशीष (सेना) से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा जबकि विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन (सेना) ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 55-60 किग्रा वर्ग में मितेश देसवाल (रेलवे) को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया.



राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version