राष्ट्रवाणी 27 मई 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के कड़े निर्देशों के बाद प्रदेश में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। राज्य शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
बिना परमिट दौड़ रहे थे रेत और चूना पत्थर से भरे हाईवा
केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीम ने रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान रायपुर जिले के विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा और घिवरा में बिना वैध अनुमति के खनिज परिवहन करते 4 हाईवा पकड़े गए।
एक हाईवा में चूना पत्थर, तीन में रेत
कार्रवाई के दौरान एक हाईवा में गौण निम्न श्रेणी चूना पत्थर और तीन हाईवा में रेत भरी हुई मिली। वाहनों के पास वैध अभिवहन पास और अनुमति दस्तावेज नहीं पाए गए।
खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई
खनिज विभाग ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत चारों वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
थाना परिसर में खड़े कराए गए जब्त वाहन
जब्त किए गए हाईवा वाहनों को आगामी आदेश तक विधानसभा और खरोरा थाना परिसर में अभिरक्षा में रखा गया है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
“जीरो टॉलरेंस” नीति पर सरकार सख्त
खनिज विभाग ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शासन की सख्ती और प्रशासनिक निगरानी के चलते अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।
