ढाका: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना, उनकी भतीजी अजमीना सिद्दीक और ब्रिटिश सांसद ट्यूलिप सिद्दीक सहित 17 अन्य के खिलाफ कथित आवास भूखंड घोटाले में भ्रष्टाचार करने के मामले में बुधवार को ढाका की एक अदालत में शिकायतकर्ता के बयानों के साथ मुकदमा शुरू हुआ। मीडिया ने यह खबर दी।

डेली स्टार अखबार की खबर के मुताबिक भ्रष्टाचार रोधी आयोग (एसीसी) के सहायक निदेशक एवं शिकायतकर्ता अफनान जन्नत केया ने दोपहर में ढाका में विशेष न्यायालय-4 के न्यायाधीश मोहम्मद रबीउल आलम के समक्ष अपनी गवाही दर्ज कराई।

इससे पहले, एसीसी के उप निदेशक मोहम्मद सलाहुद्दीन, जो एक अन्य भ्रष्टाचार मामले के शिकायतकर्ता भी हैं, ने हसीना, शेख रेहाना और ट्यूलिप सहित 17 लोगों के खिलाफ दायर एक अन्य मामले में न्यायाधीश आलम के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था।

लंदन में रहने वाली सिद्दीक ब्रिटेन की राजधानी के हैम्पस्टेड और हाईगेट निर्वाचन क्षेत्र से सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के टिकट पर संसद चुनी गई थीं। उन्होंने इस वर्ष की शुरूआत में एसीसी की जांच और परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

ब्रिटिश राजनीतिज्ञ सिद्दीक ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए एक सुनियोजित ‘बदनाम करने वाला अभियान’ चलाने का आरोप लगाया है।

बांग्ला अखबार प्रोथोम आलो की खबर के मुताबिक 11 अगस्त को भूखंट आवंटन में कथित भ्रष्टाचार के तीन अन्य मामलों में भी गवाहों का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इन मामलों में भी हसीना, उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय और बेटी साइमा वाजेद पुतुल आरोपी हैं।

भ्रष्टाचार रोधी निकाय ने 12 से 14 जनवरी के बीच हसीना, उनके परिवार के सदस्यों और 23 अन्य लोगों के खिलाफ पूर्वाचल न्यू टाउन परियोजना के तहत भूखंडों के आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर छह मामले दर्ज किए थे। ट्यूलिप पर रेहाना, बॉबी और अजमीना के लिए भूखंड प्राप्त करने के वास्ते अपने प्रभाव का प्रयोग करने का आरोप है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version