दुर्ग। भिलाई में आज सुबह एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका का नाम साक्षी द्विवेदी (29) है, जो राजनांदगांव की एक निजी कंपनी में एचआर एग्जीक्यूटिव थी। वह राजनांदगांव से अपने मायके भिलाई आ रही, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है।

ट्रेलर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
यह मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है। साक्षी के शव को सुपेला मर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी चालक जल्द पकड़ा जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, साक्षी राजनांदगांव में ससुराल में रहती थी। 22 नवंबर की सुबह वह छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से पावर हाउस स्टेशन उतरी थी। यहां से उसके पिता उसे लेने पहुंचे थे। स्टेशन से पिता-बेटी बाइक से भिलाई-3 स्थित अपने मायके की ओर निकल पड़े।जैसे ही वे पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे उतरे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता बाइक समेत दूर जा गिरे, जबकि साक्षी पीछे की ओर सड़क पर गिरते ही ट्रेलर की चपेट में आ गई। ट्रेलर उसे कुछ दूर तक घसीटता हुआ निकल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
9 महीने पहले ही हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, साक्षी की शादी इसी साल फरवरी 2025 में हुई थी। घटना की खबर मिलते ही पति और ससुराल पक्ष भी भिलाई पहुंच गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
