दुर्ग, 18 जून 2026। नगर पालिक निगम दुर्ग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को वार्ड क्रमांक 50 बोरसी भाठा स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। न्यायालयीन आदेश के पालन में जेसीबी मशीनों की मदद से चार व्यावसायिक अतिक्रमणों को ध्वस्त कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरसी भाठा क्षेत्र की शासकीय भूमि, खसरा नंबर 194/1 पर कुल 35 व्यक्तियों द्वारा कब्जा किया गया था। इस संबंध में तहसीलदार न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए थे। बाद में कब्जाधारियों द्वारा दायर अपीलों को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग ने निरस्त कर दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि 35 प्रकरणों में से एक मामले में उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त है, जबकि 19 प्रकरणों में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी न्यायालय से स्टे प्रभावशील है। इसके अलावा 10 मामले वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।
प्रशासन के अनुसार शेष चार प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था और उनके पक्ष में किसी प्रकार का स्थगन आदेश प्रभावी नहीं था। इनमें जीवन यादव, कुमारी बाई, मोहन खेरडे और रोहित विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं। इसी आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

