राष्ट्रवाणी: सुरेश परतागीरी, बीजापुर। इंद्रावती पार माड़ क्षेत्र में बाढ़ के बीच फंसे 6 कर्मचारियों को जिला प्रशासन ने एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बीजापुर पहुंचाया। पटवारी-सर्वेयर दल के सदस्य गिरदावरी सर्वे के लिए बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में पहुंचे थे।
लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद सभी कर्मचारी क्षेत्र में फंस गए थे। इसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर विश्वदीप ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला प्रशासन ने सभी 6 कर्मचारियों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बीजापुर पहुंचाया।
बीजापुर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सभी कर्मचारियों की स्थिति सामान्य पाई गई। कलेक्टर विश्वदीप ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आपदा के बीच किए गए उनके कार्य की सराहना की। कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि आपदा में हर व्यक्ति की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षित वापसी के लिए किए गए रेस्क्यू अभियान की जानकारी भी ली।

