राष्ट्रवाणी: रोहित कश्यप, मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला मेन रोड पर एक अगस्त की देर रात हुए सड़क हादसे में मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह वही मामला है, जिसमें ‘CMO (UAD) कग Government’ लिखी स्कोडा कार की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, सीएमओ कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जन्मदिन पार्टी से मुंगेली से तखतपुर लौट रहे थे, इस दौरान यह हादसा हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जरहागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सीएमओ अमरेश सिंह (58 वर्ष), पिता परमानंद सिंह निवासी वार्ड क्रमांक-04 महेश्वर कॉलोनी गोधनपुर, जिला अंबिकापुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत धारा 281, 125(ए) एवं 105 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर 3 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विश्वनाथ बसोर, निवासी शिक्षक नगर पंडरिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि 1 अगस्त को उनकी भाभी किरण बसोर अपने साथियों के साथ शादी समारोह के ऑर्डर के सिलसिले में ग्राम हरदी गई थी। वापस लौटते समय बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय आ जाने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी थी। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही कार क्रमांक CG-15-DN-3866, जिस पर “CMO (UAD) कग Government” लिखा हुआ था, तेज रफ्तार एवं गलत दिशा से आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किरण बसोर (39 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अंजली बसोर (35 वर्ष) को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तीसरे घायल विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। बाद में दुर्घटना स्थल से कार की ‘CMO’ लिखी नेम प्लेट बरामद हुई, जबकि दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका कार्यालय के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बन गया था। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय उक्त कार में तखतपुर नगर पालिका के कमो एवं अन्य लोग सवार थे, जो देर रात मुंगेली कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से तखतपुर लौट रहे थे। वहीं बाइक सवार तीनों लोग तखतपुर से मुंगेली की ओर वापस आ रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास यह हादसा हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रत्यक्षदर्शियों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और सभी भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, घटनास्थल निरीक्षण एवं अन्य तथ्यों के आधार पर यह पाया गया कि कार चालक कमो अमरेश सिंह ने जानबूझकर एवं अत्यंत लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा से तेज गति में वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी अमरेश सिंह को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार क्रमांक CG-15-DN-3866 भी जब्त कर ली गई। जरहागांव थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 281, 125(ए) एवं 105 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं तथा सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, जिससे ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक तथा थाना प्रभारी जरहागांव शोभा यादव, प्रधान आरक्षक नवीन कुमार जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक लखीराम नेताम, आरक्षक उमेश सोनवानी एवं रामचंद्र जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version