गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर
राष्ट्रवाणी, 19 जून 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग तथा मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित करने पर बल दिया और इसके लिए फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
पीडब्ल्यूडी सचिव ने जशपुर से पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद श्री बंसल ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित निरीक्षण करने और कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास, प्रमुख अभियंता श्री व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता श्री बी.एस. बघेल, ज्ञानेश्वर कश्यप, जी.एस. मंडावी सहित विभाग के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
