राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में मानसून फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन बारिश की रफ्तार अभी तक अपेक्षित नहीं पकड़ सकी है। सोमवार को केवल एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। दूसरी ओर राजधानी समेत कई जिलों में बादलों के बावजूद उमस और गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार चार अगस्त से पूरे प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में तेजी आएगी। अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी तंत्र सक्रिय होने से अगले दो दिनों में वर्षा का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने के आसार हैं। रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई, जिससे उमस लोगों को परेशान करती रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को राजधानी में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बलरामपुर जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। रघुनाथनगर में 80 मिलीमीटर, वाड्रफनगर में 70 मिलीमीटर तथा खड़गांव में 50 मिलीमीटर बारिश हुई। रामानुजगंज और रामचंद्रपुर में 40-40 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश ही हुई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। वर्तमान में मानसून द्रोणिका उत्तर भारत से होकर गुजर रही है, जिसके सक्रिय होने का असर छत्तीसगढ़ पर भी दिखाई देगा।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version