राष्ट्रवाणी: राज्य ब्यूरो, ,रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती परीक्षा-2021-22 में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज के एडिशनल कलेक्टर चेतन बोरघरिया को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए छह दिन की रिमांड पर लिया है। इससे पहले एक सितंबर को धमतरी और बलरामपुर में ईडी ने कार्रवाई की थी। धमतरी में अपर कलेक्टर बोरघरिया के अमलतास पुरम स्थित घर पर टीम ने छापा मारा था जबकि बलरामपुर सर्किट हाउस में बुलाकर पूछताछ की गई थी। इसके बाद से वे कार्यालय नहीं आ रहे थे। सूत्रों ने बताया कि चेतन बोरघरिया को ईडी के जोनल कार्यालय में शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। चेतन बोरघरिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान वर्ष 2019 से 2022 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यालय में ओएसडी (आफिसर आन स्पेशल ड्यूटी) के पद पर तैनात रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद सीजीपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच में ईडी की कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं। इस मामले में ईडी इससे पहले सीजीपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और भूपेश बघेल के तत्कालीन निजी सहायक के भतीजे उत्कर्ष चंद्राकर समेत अन्य को गिरफ्तार कर चुकी है। अब चेतन बोरघरिया की गिरफ्तारी मामले में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। ईडी की मनी लांड्रिंग जांच का संबंध सीजीपीएससी की वर्ष 2020 और 2021 में आयोजित राज्य सेवा परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा परिणामों में हेरफेर के आरोपों से है। जांच एजेंसी इन कथित अनियमितताओं से अर्जित धन और उससे जुड़े लेन-देन की पड़ताल कर रही है। बोरघरिया की गिरफ्तारी से अब जांच में उनकी कथित भूमिका और तत्कालीन मुख्यमंत्री कार्यालय में उनकी तैनाती के दौरान लिए गए फैसलों को लेकर भी पूछताछ होने की संभावना है। हालांकि, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
Trending
- एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रकृति संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – राष्ट्रवाणी
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ति जिले में 121.70 करोड़ रुपए के 38 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन – राष्ट्रवाणी
- अमेरिका में कॉपी हुआ था Lata Mangeshkar का ये गीत, 4000 करोड़ का चला मुकदमा; ओरिजिनल से ज्यादा हिट था रीमेक सॉन्ग – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ के छात्रों को बड़ी राहत, कॉलेजों में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 19 सितंबर तक मिलेगा मौका – राष्ट्रवाणी
- CGPSC घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में ईडी ने बलरामपुर के एडिशनल कलेक्टर को किया गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर 6 दिन की रिमांड पर लिया – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा, 3.65 लाख अतिरिक्त और मिलेंगे पीएम आवास, 2 लाख घरों का हुआ गृह प्रवेश – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में UCC पर मंथन, आदिवासियों ने मांगी छूट; अल्पसंख्यक आयोग ने की संपत्ति में समान अधिकार की वकालत – राष्ट्रवाणी
- हार्ट की सर्जरी से 2 दिन पहले खौफनाक कदम, रायपुर में अस्पताल से कूदे जशपुर के आरक्षक की मौत – राष्ट्रवाणी
