राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्योहारी सीजन के बीच मौसम की चाल में बड़ा उलटफेर देखने को मिलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेशभर में शुष्क और शांत बने वातावरण में आगामी 27 अक्टूबर से अचानक बड़ा परिवर्तन आने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से गहरा रहे एक शक्तिशाली मौसमी तंत्र के चलते राज्य में वर्षा की गतिविधियों में इजाफा होने के संकेत दिए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 अक्टूबर से मौसम का रुख पूरी तरह बदलेगा। इसके बाद 28 तथा 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई अंचलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

