मानपुर/बीजापुर. छत्तीसगढ़ के दो जिलों में सुरक्षाबलों ने दो इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में मुठभेड़ के बाद आठ लाख रुपये के इनामी नक्सली को तथा बीजापुर में घेराबंदी कर तीन लाख रुपये के इनामी माओवादी को गिरफ्तार किया.

उन्होंने बताया कि मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुर्सेकला और कुर्सेखुर्द के जंगल में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर बुधवार को सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि बल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान शामिल थे. उन्होंने बताया कि बुधवार शाम लगभग चार बजे सुरक्षाबलों के जवान जैसे ही खुर्सेखुर्द गांव की ओर बढ़े तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया. इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर वहां से भाग गए और तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली आंधी-मोहला संयुक्त एरिया कमेटी का कमांडर श्रीकांत पुनेम उर्फ सुकनाम है तथा उसके सर पर आठ लाख रुपये का इनाम है. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार नक्सली से 9 एमएम की एक पिस्तौल, 11080 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है.

उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने राज्य के बीजापुर जिले के पेददापाल और हिरमागुण्डा गांव के मध्य जंगल से तीन लाख रुपये के इनामी नक्सली जनमिलिशिया कमांडर शंकर कुरसम (36) को गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ ग्रामीण की हत्या, पुलिस दल पर हमला समेत कई अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version