राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, जगदलपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और बाजार क्षेत्रों में बढ़ते दबाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स, परिवहन संघ, व्यापारी संघ, जनप्रतिनिधियों तथा नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी पक्षों ने शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए समन्वित प्रयासों से स्थायी समाधान निकालने पर सहमति जताई। बैठक में बाजार क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग की कमी, सड़क किनारे अतिक्रमण, मालवाहक वाहनों के संचालन और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखते हुए कहा कि शहर के विकास के साथ यातायात प्रबंधन को भी आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाजार क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले कारणों को दूर करेंगे। पार्किंग व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने, अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई करने और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चरणबद्ध योजना पर काम किया जाएगा। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि व्यापारिक गतिविधियां और यातायात व्यवस्था एक-दूसरे की पूरक हैं। इसलिए किसी भी निर्णय में व्यापारियों, परिवहन संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनसुविधा और व्यापारिक हितों के बीच संतुलन बना रहे। बैठक के दौरान बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स, परिवहन संघ और व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर कार्य करना होगा। प्रशासन ने भी सुझावों पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा देते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम शीघ्र लागू किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version