राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में सावन का महीना इस बार झमाझम सौगात लेकर आया है। जुलाई माह में हुई लगातार और भारी वर्षा ने राजधानी में नया रिकार्ड बना दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 31 जुलाई तक रायपुर में 625 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि की सामान्य वर्षा 494.9 मिमी है। इसका मतलब है कि राजधानी में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। जुलाई के अंतिम दिनों में पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब के प्रभाव से रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव और यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदेश के जिलावार वर्षा वितरण पर नजर डालें तो मानसूनी मेहरबानी असमान रही है। नारायणपुर में सामान्य से 65 प्रतिशत अधिक वर्षा के साथ सर्वाधिक 979.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 70 प्रतिशत, जांजगीर-चांपा में 42 प्रतिशत, महासमुंद में 41 प्रतिशत और गरियाबंद में 35 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। सरगुजा में 51 प्रतिशत, जशपुर में 46 प्रतिशत और बेमेतरा में 38 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जो चिंता का विषय रही। हालांकि, पूरे प्रदेश की कुल औसत मौसमी वर्षा 560.5 मिमी रही, जो सामान्य 569 मिमी की तुलना में केवल एक प्रतिशत कम है, यानी कुल स्थिति सामान्य बनी हुई है। पश्चिम विदर्भ और दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर बने अवदाब तंत्र तथा मानसून द्रोणिका की स्थिति में बदलाव के कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अब बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने और एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर और दुर्ग संभाग में सबसे ज्यादा बादल बरसे, जिसमें बीजापुर में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। आगामी दिनों में रायपुर में आंशिक रूप से बादलों का डेरा रहेगा और छिटपुट गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। दिनभर बादल छाए रहने और नमी अधिक होने के कारण लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
Trending
- बीसीसीएल ने उत्पादन, गुणवत्ता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कोयला भवन में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की – भारतीय पीएसयू
- सीआईआई ऊर्जा दक्षता शिखर सम्मेलन 2026: ऊर्जा दक्षता एआई-संचालित नेट ज़ीरो की दौड़ में प्रमुख प्रतिस्पर्धात्मक लाभ के रूप में उभरी – भारतीय पीएसयू
- “घमंड में चूर है भारत! जीत के बाद भी ट्रॉफी ठुकराई…” पूर्व पाक दिग्गज का तीखा हमला
- “हम रोबोट नहीं हैं… दर्द होता है!” प्लेइंग-11 की राजनीति और ट्रोलिंग पर संजू सैमसन का भयंकर विस्फोट
- “संजू-वैभव को बर्बाद कर रहे गंभीर!” दिग्गज भारतीय कप्तान ने खोला कोच के खिलाफ मोर्चा
- कॉपरनिकस: रिकॉर्ड के अनुसार अगस्त विश्व का संयुक्त रूप से सबसे गर्म महीना था – भारतीय पीएसयू
- दर्दनाक सड़क हादसा: पत्रकार शेख आलम की मौत, इधर ट्रांसफार्मर में जा घुसी सवारियों से भरी पिकअप – राष्ट्रवाणी
- झीरम हत्याकांड: ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ मामले में NIA कोर्ट आज 4.30 बजे दोषियों को सुनाएगा सजा… – राष्ट्रवाणी

