स्मार्ट गवर्नेंस को मिलेगी नई गति
दुर्ग, 05 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट गवर्नेंस और डिजिटल सेवा वितरण को नई दिशा देते हुए ‘गोल्डन आवर’ और ‘सरल (SARAL)’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। इन दोनों नवाचार आधारित प्लेटफॉर्म का विकास आईआईटी भिलाई इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन (IBITF) ने जनकल्याण और सुशासन को ध्यान में रखते हुए किया है।
‘गोल्डन आवर’ एक स्मार्ट इमरजेंसी एम्बुलेंस मैनेजमेंट सिस्टम है, जिसे राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक तेज, आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह प्लेटफॉर्म मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं (EMS), अस्पतालों और चिकित्सकों को एक ही डिजिटल मंच से जोड़ता है। इसके माध्यम से एम्बुलेंस की रियल-टाइम ट्रैकिंग, उपलब्ध बेड के अनुसार उपयुक्त अस्पताल का चयन, मरीजों का सुरक्षित रेफरल और आपातकालीन मामलों की प्रभावी निगरानी संभव होगी।
वहीं ‘सरल (Simplified Access to Raipur’s Administrative Links)’ प्लेटफॉर्म प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इससे सरकारी कार्यों में तेजी आएगी और नागरिकों को विभिन्न सेवाएं अधिक सहज और कम समय में उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, प्रशासनिक कार्यों को अधिक कुशल और पारदर्शी बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
मुख्यमंत्री ने आईआईटी भिलाई इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि फाउंडेशन वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार आधारित तकनीकी समाधान विकसित कर छत्तीसगढ़ को स्मार्ट, तेज और सशक्त डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

