भिलाईनगर, 13 जुलाई 2026। दक्षिण अफ्रीका में 4 से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित विश्व स्तरीय एशिया-पैसिफिक-अफ्रीकन अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भिलाई के खिलाड़ी अमान शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लासिक (अनइक्विप्ड) स्पर्धा के 120 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। इस वर्ग का स्वर्ण पदक ताइवान के खिलाड़ी ने जीता।

एक स्वर्ण और एक रजत के साथ किया शानदार प्रदर्शन

अमान शुक्ला ने इससे पहले 8 जुलाई को प्रतियोगिता की इक्विप्ड श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया था। इसके बाद क्लासिक (अनइक्विप्ड) स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपने अभियान का शानदार समापन किया। यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता रही, जिसमें उन्होंने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर भारत, छत्तीसगढ़ और भिलाई का नाम रोशन किया।

कोच और सहयोगियों का जताया आभार

अपनी सफलता पर अमान शुक्ला ने अपने कोच आसिफ अली तथा भारतीय टीम के कोच कृष्णा साहू का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की बदौलत ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता मिली।

अमान ने पावरलिफ्टिंग इंडिया के अध्यक्ष सतीश कुमार कुदरौली, महासचिव पी.जे. जोसफ (अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित) तथा छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक जी. सुरेश (बाबे), भिलाई इस्पात संयंत्र के उप महाप्रबंधक (क्रीड़ा) एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ओलंपियन राजेंद्र प्रसाद, इंद्रजीत सिंह (छोटू), एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा, कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी सोनी सहित सभी पदाधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।

टीम चैंपियनशिप में भारत तीसरे स्थान पर

प्रतियोगिता की टीम चैंपियनशिप में ताइवान ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मेजबान दक्षिण अफ्रीका दूसरे और भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही।

भारतीय टीम के कोच कृष्णा साहू भी हुए सम्मानित

समापन समारोह में एशियन, पैसिफिक एवं अफ्रीकन पावरलिफ्टिंग महासंघ के चेयरमैन हनी स्मिथ ने भारतीय टीम के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय निर्णायक कृष्णा साहू को प्रतियोगिता में निर्णायक और जूरी सदस्य के रूप में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।




राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version