जमुई: बिहार के जमुई जिले में दो समुदाय के बीच झड़प में नगर परिषद के उपाध्यक्ष नीतीश कुमार सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की अफवाह फैलने से रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

जमुई पुलिस अधीक्षक के कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक, ‘‘झाझा थाना क्षेत्र के गांव बलियाडीह में रविवार को जब एक समुदाय के लोग हनुमान चालीसा का पाठ कर वापस लौट रहे थे तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया जिसमें नगर परिषद के उपाध्यक्ष नीतीश कुमार तथा दो अन्य लोग घायल हो गए।’’ इसमें कहा गया कि कई गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है।

बयान में कहा गया, ‘‘इस संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं जिनमें से एक में 41 नामजद तथा 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी प्राथमिकी में आठ नामजद तथा 50 से 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।’’

इसमें कहा गया कि नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि झाझा तथा जमुई में दोनों पक्षों के लोगों के साथ शांति समिति की बैठक की गई है और शांति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला।

बयान के अनुसार सोशल मीडिया पर अफवाह न फैले इसके लिए इंटरनेट सेवा तत्काल बंद कर दी गई। बयान के मुताबिक पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं तथा संवेदनशील जगहों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा पुलिस बल तैनात हैं।

आम लोगों से शांति बनाये रखने तथा अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। बयान में कहा गया कि वरिष्ठ अधिकारियों को वास्तविक स्थिति की सूचना नहीं देने तथा वहां मौजूद होने के बावजूद स्थिति को संभालने में नाकाम रहने पर गश्त कर रहे पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। बयान में कहा गया कि अब स्थिति सामान्य है और असामाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version