राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों की अनिवार्य ई-केवाईसी और आधार सीडिंग न कराने वाले हितग्राहियों पर राशन बंद होने का खतरा मंडराने लगा है। खाद्य विभाग के कड़े निर्देशों के बीच जिले में अभी भी हजारों हितग्राहियों का सत्यापन अधूरा है।

इस संकट को टालने और छूटे हितग्राहियों को अंतिम मौका देने के लिए खाद्य विभाग 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष ‘सेवा सेतु कैंप’ लगाने जा रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और बोगस कार्डधारियों की छंटनी के लिए शासन ने शत-प्रतिशत ई-केवाईसी अनिवार्य कर रखी है। जिले में उचित मूल्य की दुकानों पर लगातार सर्वर की धीमी गति, बायोमैट्रिक मशीन में बुजुर्गों और बच्चों के फिंगरप्रिंट मैच न होने तथा मोबाइल नंबर लिंक न रहने के कारण बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही सत्यापन कराने से वंचित रह गए हैं।

राशन रुकने की आशंका के चलते गरीब परिवारों में लगातार हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। हितग्राहियों की इसी समस्या और मैदानी शिकायतों को देखते हुए खाद्य विभाग ने अब राशन दुकानों के बजाय प्रशासनिक स्तर पर शिविर लगाने का फैसला किया है। 28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय में नेहरू चौक स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभाकक्ष और सभी विकासखंडों में जनपद पंचायत कार्यालयों में विशेष काउंटर संचालित होंगे।

शिविरों में तकनीकी दल सीधे विभागीय पोर्टल से ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर अपडेट करने का काम करेगा, ताकि तकनीकी खामियों के कारण किसी भी गरीब का नाम खाद्य सुरक्षा सूची से बाहर न हो। इसके अलावा केंद्र की वन नेशन-वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और उज्ज्वला गैस कनेक्शन से वंचित हितग्राहियों के लंबित आवेदनों का भी मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

राशन दुकानों पर ई-केवाईसी के दौरान सबसे बड़ी परेशानी बुजुर्गों व मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों के साथ आ रही है, जिनके हाथों की रेखाएं घिसने से अंगूठा मैच नहीं करता। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लिंक फेल होने से लोग दिनभर कतार में खड़े रहकर बैरंग लौटने को मजबूर थे। इन विशेष शिविरों में आइरिस (आंखों की पुतली) स्कैन और ओटीपी आधारित सत्यापन की व्यवस्था की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सभी हितग्राहियों की ई-केवाईसी व आधार सीडिंग अनिवार्य है। तकनीकी कारणों से जो हितग्राही छूट गए हैं, उन्हें लाभ दिलाने के लिए ही 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप लगाए जा रहे हैं। पात्र नागरिक समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्रों में पहुंचकर सत्यापन कराएं, ताकि राशन आबंटन में कोई व्यवधान न आए।- अमृत कुजूर, खाद्य नियंत्रक बिलासपुर

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version