जेरुशलम/तेहरान. इजराइल में अदाणी समूह के हाइफा बंदरगाह को ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले से कोई नुकसान नहीं हुआ, और परिचालन सामान्य रूप से चल रहा है. सूत्रों ने यह जानकारी दी. इस सप्ताह की शुरुआत में ईरान के परमाणु और अन्य लक्ष्यों पर तेल अवीव के हमले के जवाब में शनिवार की देर रात ईरान ने इजराइल के हाइफा बंदरगाह और पास की एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया.

इस मामले से अवगत दो सूत्रों ने कहा कि बंदरगाह पर रासायनिक र्टिमनल में शार्पनेल गिरे और कुछ अन्य प्रक्षेपास्त्र तेल रिफाइनरी में गिरे. उन्होंने दावा किया कि कोई हताहत नहीं हुआ. हालांकि, हमले से अदाणी का बंदरगाह प्रभावित नहीं हुआ. एक सूत्र ने कहा, ”बंदरगाह में अभी आठ जहाज हैं, माल ढुलाई सामान्य है.” सूत्रों ने दावा किया कि ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले से बंदरगाह या इसके संचालन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. अदाणी समूह ने इस मुद्दे पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की.

टिप्पणी के लिए इजराइल सरकार के अधिकारियों से तुरंत संपर्क नहीं किया जा सका. हाइफा बंदरगाह एक महत्वपूर्ण समुद्री केंद्र के रूप में कार्य करता है, जो इजराइल के आयात का 30 प्रतिशत से अधिक संभालता है. इसका स्वामित्व अदाणी पोर्ट्स के पास है, जो 70 प्रतिशत हिस्सेदारी को नियंत्रित करता है.

भारतीय दतावास ने ईरान में रह रहे भारत के नागरिकों के लिए परामर्श जारी कर सतर्क रहने को कहा

ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए रविवार को जारी परामर्श में कहा गया है कि वे घबराएं नहीं, सावधानी बरतें और इजराइल द्वारा हमले के बाद देश में व्याप्त स्थिति के मद्देनजर तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें. भारतीय दूतावास द्वारा जारी परामर्श में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों से सतर्क रहने, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचने, दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखने और स्थानीय अधिकारियों की ओर से दी गई सलाह के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है.

दूतावास ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया तथा भारतीय नागरिकों से इसे भरकर अपना विवरण देने को कहा है. इसमें कहा गया, ”कृपया याद रखें, घबराने की जरूरत नहीं है, सावधानी बरतें और तेहरान में भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखें.” तेहरान स्थित भारतीय मिशन ने एक टेलीग्राम लिंक भी उपलब्ध कराया तथा भारतीय नागरिकों से मिशन से हालात पर अद्यतन जानकारी प्राप्त करने के लिए इससे जुड़े को कहा.

दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”कृपया ध्यान दें कि यह टेलीग्राम लिंक केवल उन भारतीय नागरिकों के लिए है जो वर्तमान में ईरान में हैं.” भारतीय दूतावास ने आपात स्थिति के लिए कुछ फोन नंबर भी जारी किये हैं. इजराइल ने शुक्रवार तड़के ईरान पर हमला कर उसके परमाणु, मिसाइल और सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया. बाद में, ईरान ने इजराइल पर जवाबी हमले किए. इजराइल ने और भी जोरदार हमला करने की धमकी दी है. वहीं, ईरान की कुछ मिसाइलें इजराइल की हवाई सुरक्षा प्रणाली को भेदकर रिहायशी इमारतों पर गिरी हैं.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version