मुंबई. मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने मंगलवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में मौजूदा भारतीय टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व कप्तान अजीत वाडेकर और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष शरद पवार के नाम पर एक-एक स्टैंड (दर्शक दीर्घा या पवेलियन) का नाम रखा.
स्टैंड के नाम रखने का फैसला एमसीए की वार्षिक आम बैठक के दौरान लिया गया.

पारित प्रस्ताव के अनुसार, दिवेचा पवेलियन के तीसरे तल्ले को अब रोहित शर्मा स्टैंड के नाम से जाना जाएगा, ग्रैंड स्टैंड के तीसरे तल्ले का नाम पूर्व आईसीसी चेयरमैन पवार के नाम पर रखा जाएगा और ग्रैंड स्टैंड चौथे तल्ले का नाम वाडेकर के नाम पर रखा जाएगा. वाडेकर ने 1966 से 1974 तक 37 टेस्ट और दो वनडे खेले हैं. उन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में भारत को श्रृंखला में ऐतिहासिक जीत दिलाई. अगस्त 2018 में 77 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया.

एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, ”आज के फैसले मुंबई क्रिकेट के स्तंभों के प्रति हमारे गहरे सम्मान और एक मजबूत भविष्य बनाने के हमारे दृढ. संकल्प को दर्शाते हैं.” टेस्ट क्रिकेट में 2013 में पदार्पण करने वाले रोहित अब महान सचिन तेंदुलकर, दिलीप वेंगसरकर, सुनील गावस्कर और विजय मर्चेंट जैसे खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गये. इन सभी खिलाड़ियों के नाम अपने घरेलू वानखेड़े स्टेडियम में एक स्टैंड हैं.

रोहित ने 2022 में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद भारत को 2024 में टी20 विश्व कप और इस साल मार्च में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया. रोहित की अगुवाई में भारत 2023 एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में भी पहुंचा था. भारत में खेले गये इस विश्व कप के फाइनल में टीम को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था. अपने पूर्व अध्यक्ष अमोल काले को श्रद्धांजलि देने के लिए एमसीए ने एमसीए पैवेलियन में मैच दिवस कार्यालय का नाम बदलकर ‘श्री अमोल काले की स्मृति में एमसीए कार्यालय लाउंज’ रखने का निर्णय लिया. काले का पिछले वर्ष निधन हो गया था.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version