राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में फेसबुक पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। MG मोटर्स की एजेंसी दिलाने के नाम पर सिविल कांट्रेक्टर से 21 लाख 45 हजार 700 रुपये ठग लिए गए।

मामले की शिकायत DD नगर थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अग्रोहा सोसायटी रायपुरा निवासी मनोज कुमार सिन्हा पेशे से सिविल कांट्रेक्टर हैं।

उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 जुलाई 2026 को उन्होंने फेसबुक पर MG मोटर्स की ओर से रायपुर में शोरूम खोलने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में इच्छुक लोगों से एक लिंक के जरिए बायोडाटा भरने को कहा गया था। मनोज ने ऑनलाइन फॉर्म में अपनी डिटेल भर दी।

अगले दिन एक महिला का फोन आया। उसने खुद को MG मोटर्स की कर्मचारी बताया और रायपुर में एजेंसी के आवेदन को लेकर जानकारी ली। महिला ने शोरूम के लिए प्रपोज्ड जमीन की फोटो मांगी और दो ई-मेल आईडी भी दीं।

मनोज ने जमीन की फोटो भेज दी। महिला ने बताया कि शोरूम बनाने में करीब एक साल लगेगा, इसलिए किराए पर जगह लेने की सलाह दी। आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2 लाख 95 हजार 700 रुपये एक बैंक अकाउंट में जमा करने को कहा।

मनोज ने 7 सितंबर को अपनी फर्म PS कंस्ट्रक्शन के बैंक अकाउंट से RTGS के जरिए रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद उन्होंने अग्रोहा कॉलोनी, रिंग रोड नंबर-1 किनारे शोरूम के लिए दुकान किराए पर ले ली। कुछ दिन बाद आरोपियों ने सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर 18 लाख 50 हजार रुपये और जमा करने को कहा।

मनोज ने 25 सितंबर को अपने पंजाब नेशनल बैंक अकाउंट से RTGS के जरिए ये रकम भी बताए गए अकाउंट में भेज दी। इस तरह दोनों ट्रांजेक्शन मिलाकर कुल 21 लाख 45 हजार 700 रुपये जमा हो गए। सिक्योरिटी राशि जमा होने के बाद आरोपियों ने मनोज को 12 MG कारें भेजने का आश्वासन दिया।

इसके लिए 12 गाड़ियों की कीमत का 20 प्रतिशत और जमा करने को कहा गया। इतनी बड़ी रकम दोबारा मांगने पर मनोज को शक हुआ। उन्होंने कंपनी से इसकी सच्चाई पता करने का फैसला किया।

30 सितंबर को मनोज खुद MG मोटर्स के गुरुग्राम स्थित कॉर्पोरेट ऑफिस पहुंचे। वहां उन्होंने उन मोबाइल नंबरों पर कॉल करने की कोशिश की, जिनसे लगातार बात हो रही थी, लेकिन तीनों नंबर बंद मिले। कंपनी के स्टाफ से पूछताछ में पता चला कि उन नंबरों के धारक MG मोटर्स इंडिया में काम ही नहीं करते।

इसके बाद साफ हो गया कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है। रायपुर लौटकर उन्होंने DD नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version