राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, पखांजूर। गड़चिरोली जिले में माओवादी होने का झूठा आभास उत्पन्न कर आमजन में भय और दहशत का वातावरण बनाने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को गड़चिरोली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा । पुलिस के अनुसार जिले में माओवादी गतिविधियों का प्रभाव समाप्त हो चुका है तथा ऑपरेशन अंतिम प्रहार के तहत चलाए गए विशेष अभियान के परिणामस्वरूप पुलिस अभिलेखों में अब कोई सक्रिय माओवादी शेष नहीं है। पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को थाना पिपली बुर्गी क्षेत्र अंतर्गत जिजावंडी टोला मार्ग पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को माओवादी दर्शाने के उद्देश्य से लाल रंग का बैनर एवं आपत्तिजनक पर्चे लगाए थे। इन पर ऐसा संदेश लिखा गया था जिससे क्षेत्र के नागरिकों में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 14 जुलाई को थाना पिपली बुर्गी में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवा अनिल मिस्त्री (48 वर्ष), निवासी तरुणनगर, तहसील पखांजूर, जिला कांकेर (छत्तीसगढ़) तथा रोहित रंजीत मल्लिक (25 वर्ष), निवासी वटेली, तहसील एटापल्ली, जिला गड़चिरोली शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि दोनों ने माओवादी होने का भ्रम उत्पन्न कर क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से बैनर एवं पर्चे लगाए थे। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों तथा ऐसे किसी भी गैरकानूनी कृत्य में शामिल न हों। उन्होंने चेतावनी दी कि समाज में भय एवं आतंक का वातावरण बनाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version