राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। महासमुंद पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने ओडिशा से मध्यप्रदेश के शहडोल ले जाए जा रहे गांजे की बड़ी खेप पकड़ी।

तस्कर काले रंग की वेगनआर कार से तस्करी कर रहे थे। बसना पुलिस ने थाने के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर कड़ी नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान जब तस्करों की कार वहां पहुंची और उन्होंने पुलिस बल को सामने तैनात देखा।

पकड़े जाने के डर से चालक ने तुरंत गाड़ी को वापस मोड़ा और तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख तस्कर अपनी कार को ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर मार्ग के बीच सुनसान जगह पर छोड़कर भागने की फिराक में लग गए।

पुलिस से बचने और अपने अपराध के सारे सबूत व साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शातिर तस्करों ने वाहन के अंदर रखी गांजे से भरी प्लास्टिक की बोरियों में आग लगा दी और कार को अंदर से लॉक कर दिया। इसके बाद वे जंगल की आड़ लेकर भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और आसपास के ग्रामीण नागरिकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार का सामने का शीशा तोड़कर अंदर सुलग रही आग पर समय रहते काबू पा लिया, जिससे पूरा माल जलकर राख होने से बच गया।

आग बुझाने के बाद जब पुलिस ने जली हुई कार की डिक्की और अंदरूनी हिस्से की तलाशी ली, तो वहां से तीन अधजली प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ कुल 28.465 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह खेप ओडिशा के बलांगीर जिले के रहने वाले विनोद राणा से खरीदकर मध्य प्रदेश के शहडोल ले जा रहे थे।

पुलिस ने इस कार्रवाई में सुलभ सिंह परिहार और सागर कुशवाहा (दोनों निवासी नागौद, सतना, मध्य प्रदेश) को मौके से धर दबोचा, जबकि उनका एक अन्य साथी शिवा सिंह निवासी शहडोल अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 53 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है और सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा बीएनएस की धाराओं के तहत गंभीर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version