राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। यातायात पुलिस ने डिलीवरी एजेंटों को 10-15 मिनट में सामान पहुंचाने की समय सीमा से मुक्त रखने, बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने और सभी डिलीवरी कर्मियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश कंपनियों को दिए हैं। इसके साथ ही रांग साइड वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने पर भी रोक लगाने को कहा गया है।

यातायात नियम तोड़ने वाले डिलीवरी एजेंटों पर संबंधित कंपनियों को अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी होगी। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकाल डाॅ. अर्चना झा ने शनिवार को विभिन्न आनलाइन डिलीवरी कंपनियों के संचालकों और मैनेजरों की बैठक ली। इसमें फ्लिपकार्ट, ब्लू डार्ट, डिलीवरी डाट काम, ब्लिंकिट सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सतीश ठाकुर और सहायक पुलिस आयुक्त यातायात रमेश येरेवार भी मौजूद रहे। यातायात पुलिस ने कंपनियों को समझाइश दी कि डिलीवरी एजेंटों पर जल्द से जल्द सामान पहुंचाने का दबाव नहीं बनाया जाए। 10-15 मिनट जैसी समय सीमा के कारण एजेंट कई बार हड़बड़ी में वाहन चलाते हैं।

सामान समय पर पहुंचाने की कोशिश में तेज गति से वाहन चलाने या यातायात नियमों की अनदेखी करने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। बैठक में डिलीवरी एजेंटों के लिए हेलमेट को अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि दोपहिया वाहन से सामान पहुंचाने वाले कर्मचारी हेलमेट पहनकर ही सड़क पर निकलें।

इसके अलावा रांग साइड वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर भी सख्ती से रोक लगाने को कहा गया। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनियों को अपने यहां काम करने वाले सभी डिलीवरी कर्मियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने कहा कि डिलीवरी कर्मचारी सीधे लोगों के घरों और संस्थानों तक पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी पहचान और पृष्ठभूमि का सत्यापन जरूरी है। इससे नागरिकों का डिलीवरी सेवाओं पर भरोसा बनाए रखने में मदद मिलेगी।

यातायात कमिश्नरेट ने आनलाइन सामान मंगाने वाले ग्राहकों से भी अपील की है कि वे डिलीवरी एजेंट पर जल्द सामान पहुंचाने का दबाव न बनाएं। सामान लेने के लिए कुछ मिनट अधिक इंतजार करने से सड़क पर कर्मचारी को सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का समय मिल सकेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version