गरियाबंद. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में कम से कम 10 नक्सलियों को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारे नक्सलियों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के एक वरिष्ठ नेता और केंद्रीय समिति सदस्य (सीसीएम) मोड़ेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर भी शामिल है. रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में कम से कम 10 नक्सलियों को मार गिराया है.

मिश्रा ने बताया कि मैनपुर क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और ई-30 (जिला पुलिस की एक इकाई) को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था. उन्होंने बताया कि आज सुबह से ही क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है. वहीं नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट भी किया है.

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में कई नक्सली कमांडर समेत कम से कम 10 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी मिली है.
पुलिस के अनुसार, राजधानी रायपुर से 180 किलोमीटर दूर स्थित इस इलाके में शीर्ष नक्सलियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय समिति के सदस्य (सीसीएम) मोड़ेम बालकृष्ण के मुठभेड़ में मारे जाने की संभावना है.

बालकृष्ण को उसके उपनाम बालन्ना, रामचंदर और भास्कर से भी जाना जाता है, वह उड़ीसा राज्य समिति (ओएससी) का सचिव था और 1980 के दशक की शुरुआत में आंदोलन में शामिल हुआ था. इस मुठभेड़ के साथ, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 241 नक्सली मारे गए हैं. इनमें से 212 सात जिले वाले बस्तर संभाग में मारे गए है. जबकि 27 अन्य रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले में मारे गए. वहीं दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दो अन्य नक्सली मारे गए.

गरियाबंद जिले में मारे गए नक्सलियों में माओवादियों की केंद्रीय समिति और उड़ीसा राज्य समिति का सदस्य चलपथी उर्फ जयराम भी शामिल था. इसी साल जनवरी में, गरियाबंद के मैनपुर इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए थे. पिछले साल, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 219 नक्सलियों को ढेर कर दिया था.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version