राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। भारतीय महिलाओं में एंडोमेट्रियोसिस के आनुवंशिक जोखिम को समझने के लिए पहली जीनोम-वाइड एसोसिएशन स्टडी (जीडब्ल्यूएएस) की गई है। आईसीएमआर-नेशनल इंस्टीट्यूट फार रिसर्च आन विमेंस हेल्थ (आईसीएमआर-एनआईआरडब्ल्यूओएच), मुंबई के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में हुए इस बहुकेंद्रीय अध्ययन में देशभर के 18 केंद्र शामिल हुए। एम्स रायपुर भी इसका सहभागी केंद्र रहा। अध्ययन साइंटिफिक रिपोर्ट्स, स्प्रिंगर नेचर की वैज्ञानिक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। एंडोमेट्रियोसिस प्रजनन आयु की करीब 10 प्रतिशत महिलाओं को प्रभावित करता है। इसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत जैसी ऊतक गर्भाशय के बाहर विकसित होने लगती है। इससे मासिक धर्म में तेज दर्द, लंबे समय तक पेल्विक दर्द, संभोग के दौरान दर्द, थकान और बांझपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। भारत में बीमारी के निदान में देरी भी एक बड़ी चुनौती है। अध्ययन के दौरान एम्स रायपुर में चार साल में 400 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। इनमें एंडोमेट्रियोसिस से पीड़ित 200 महिलाएं और 200 नियंत्रण प्रतिभागी थे। अध्ययन में देश के अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक पृष्ठभूमि की महिलाओं को शामिल किया गया। इसमें ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिलाएं भी शामिल थीं। एम्स रायपुर के प्रोफेसर और अध्ययन के सह-लेखक डॉ. निलयकुमार बागड़े ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं को शामिल करने से भारतीय आबादी में एंडोमेट्रियोसिस के आनुवंशिक पहलुओं को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी। एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने अध्ययन में शामिल टीम को बधाई दी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version