राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश धनोरा में 140 मिमी और बस्तर में 100 मिमी दर्ज की गई है। इसके अलावा पखांजूर, नांगुर, कोंडागांव और अंतागढ़ में 90-90 मिमी पानी बरसा है।
मानसून को प्रदेश में आए 82 दिन हो चुके हैं। 23 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में दाखिल हुए मानसून से अब तक अच्छी बारिश हुई है। 12 सितंबर तक प्रदेश में कुल 1001 मिमी पानी बरस चुका है।
यह इस अवधि के सामान्य औसत 1041.1 मिमी से केवल 4 प्रतिशत कम है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। प्रदेश के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
इनमें से सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 अन्य जलाशयों में 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी भरा हुआ है। पानी बढ़ने के कारण धमतरी के रविशंकर सागर समेत कई जलाशयों के गेट खोलने पड़े हैं। 13 सितंबर को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
