राष्ट्रवाणी: वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कर्मचारी के इस्तीफे को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए कहा है कि यदि किसी कर्मचारी ने अपने त्यागपत्र में स्पष्ट रूप से यह उल्लेख किया है कि वह धमकी या दबाव के कारण इस्तीफा दे रहा है, तो नियोक्ता की जिम्मेदारी है कि वह पहले यह सुनिश्चित करे कि त्यागपत्र वास्तव में स्वेच्छा से दिया गया है या नहीं। बिना किसी जांच या सत्यापन के ऐसे इस्तीफे को स्वीकार करना कानून की कसौटी पर उचित नहीं ठहराया जा सकता। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवीन्द्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज प्रबंधन की अपील पर सुनवाई करते हुए यह फैसला दिया। कॉलेज प्रबंधन ने सिंगल बेंच के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें सहायक प्राध्यापक के इस्तीफे की स्वीकृति को रद्द करते हुए उन्हें सेवा में बहाल करने और बकाया वेतन सहित अन्य सेवा लाभ देने का निर्देश दिया गया था। मामला 21 सितंबर 2020 को दिए गए इस्तीफे से जुड़ा है। सहायक प्राध्यापक ने कॉलेज प्रबंधन को अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा था कि वह यह कदम स्वेच्छा से नहीं उठा रहे हैं, बल्कि कॉलेज के दो सहकर्मियों की ओर से कथित धमकी और दबाव के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ रहा है। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया। कर्मचारी ने इस फैसले को चुनौती देते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। सिंगल बेंच ने मामले की सुनवाई के बाद इस्तीफे की स्वीकृति को निरस्त कर दिया था और कर्मचारी को सेवा में वापस लेने के साथ ही वेतन एवं अन्य लाभ देने का आदेश दिया था। डिवीजन बेंच के समक्ष कॉलेज प्रबंधन की ओर से तर्क दिया गया कि कर्मचारी ने इस्तीफा अपनी इच्छा से दिया था और सक्षम अधिकारी ने नियमों के अनुसार उसे स्वीकार किया। प्रबंधन ने यह भी कहा कि कर्मचारी द्वारा लगाए गए धमकी और दबाव के आरोपों का कोई ठोस प्रमाण मौजूद नहीं है। कॉलेज की ओर से यह भी बताया गया कि जिन दो सहकर्मियों पर आरोप लगाए गए थे, उन्होंने शपथपत्र देकर आरोपों से इनकार किया है। प्रबंधन का कहना था कि स्वेच्छा से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार करने से पहले किसी जांच की कानूनी अनिवार्यता नहीं है। मामले की सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने पाया कि कर्मचारी के इस्तीफा पत्र में स्वयं यह उल्लेख किया गया था कि वह दो सहकर्मियों की धमकी और दबाव के कारण त्यागपत्र दे रहा है। ऐसी स्थिति में कॉलेज प्रबंधन का दायित्व था कि वह इस्तीफा स्वीकार करने से पहले इसकी वास्तविकता की जांच करता। अदालत ने कहा कि प्रबंधन को यह पता लगाने का प्रयास करना चाहिए था कि कर्मचारी ने अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया है या किसी दबाव में आकर। लेकिन कॉलेज ने न तो कोई जांच की और न ही इस्तीफा देने के कारणों की पड़ताल की। डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि बाद में संबंधित सहकर्मियों द्वारा शपथपत्र देकर आरोपों से इनकार कर देना उस समय प्रबंधन द्वारा की गई लापरवाही को खत्म नहीं कर सकता। इस्तीफा स्वीकार करने से पहले नियोक्ता को उचित प्रक्रिया अपनानी चाहिए थी। हाईकोर्ट ने कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए कर्मचारी का इस्तीफा स्वैच्छिक नहीं माना जा सकता। जब इस्तीफे की स्वीकृति ही अवैध पाई गई है, तो कर्मचारी को सेवा में बहाल करना और उसे बकाया वेतन सहित सभी सेवा लाभ देना उचित है। डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के फैसले को बरकरार रखते हुए चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज प्रबंधन की अपील को खारिज कर दिया।
Trending
- वन मंत्री केदार कश्यप की पहल से रायपुर के सभी 70 वार्डों में मिलेगा निःशुल्क पौधा
- गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अघोर गुरु पीठ बनोरा में किए गुरु दर्शन
- धमतरी में कल मनेगा जिलास्तरीय ‘शाला प्रवेशोत्सव’: मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे शुभारंभ
- धमतरी में कृषि क्रांति: 22 नई सहकारी समितियों से किसानों की राह आसान
- दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इस साल अब तक 1242 म्यूल खातों पर कार्रवाई, 117 खाताधारक और 5 म्यूल एजेंट गिरफ्तार, करीब 3 करोड़ रुपए फ्रीज – राष्ट्रवाणी
- Today’s तोप News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सड़क हादसे में घायल, कार सहित नाले में बहे दंपती का शव चौथे दिन बरामद, सेंट्रल जेल में कैदी ने भट्ठी में कूदकर दी जान, आरक्षक ने साथी पुलिसकर्मी के खाते से उड़ाए 4.87 लाख रुपये, सोना बताकर पीतल के हार बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़… पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में विकसित होंगे 4 नए औद्योगिक पार्क, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
- गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री ने अघोर गुरु पीठ बनोरा में किए गुरु दर्शन, बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद – राष्ट्रवाणी

