जयपुर. जैसलमेर जिले में सोमवार को एक सरकारी स्कूल भवन का प्रवेशद्वार गिरने से सात साल के एक बच्चे की मौत हो गई जो अपनी बहन को स्कूल से लेने आया था. अधिकारियों ने बताया कि हादसे में एक छात्रा व एक शिक्षक घायल हो गए. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार को गांव पूनमनगर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छुट्टी होने के समय हुआ. प्रवेशद्वार गिर गया और अपनी बहन को लेने आए बच्चे की मौत हो गई जबकि शिक्षक अशोक कुमार सोनी (40) तथा एक अन्य छात्रा प्रिया (पांच) घायल हो गए.

मृतक की पहचान अरबाज खान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि प्रवेशद्वार की स्थिति पिछले कुछ समय से जर्जर थी. हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम, उपखंड अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे एवं स्थिति का जायजा लिया. घायल शिक्षक व छात्रा को प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है.

अधिकारियों के अनुसार जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए एवं कहा कि इस जांच में अगर कोई दोषी पाया जाता है तो सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के समस्त सरकारी विद्यालयों में भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा की तत्काल समीक्षा की जाए एवं जहां भी मरम्मत या पुर्निनर्माण की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता से कार्य करवाया जाए. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया है. घटना से गुस्साए परिजन बच्चे के शव के साथ स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं.

एक अधिकारी ने कहा, “परिजनों से बातचीत जारी है.” राज्य में सरकारी स्कूल भवन का हिस्सा गिरने की चार दिन में यह दूसरी घटना है. पिछले शुक्रवार को झालावाड़ के पिपलोदी में सरकारी स्कूल की इमारत का एक हिस्सा ढह जाने से सात छात्रों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि यह हादसा राज्य सरकार के लिए चिंता का विषय होना चाहिए.

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ” झालावाड़ दुखांतिका के बाद इस प्रकार से एक बार फिर एक छात्र की मृत्यु होना प्रदेश सरकार के लिए चिंता का विषय होना चाहिए.” गहलोत ने लिखा, “अभी बारिश का मौसम चल रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मेरा आग्रह है कि शीघ्रता से कदम उठाएं ताकि किसी और मासूम की जान न जाए.”

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version