रायपुर. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में रायपुर के एक व्यवसायी की भी मौत हो गई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ”मिनी स्विट्जरलैंड” नाम से लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं.

अधिकारियों ने बताया कि इस आतंकवादी हमले में रायपुर के एक व्यापारी दिनेश मिरानिया की भी मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है तथा रायपुर के व्यवसायी की मौत पर दुख जताया है. अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल रमेन डेका ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को बेहद कायराना हरकत बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और इस हमले में मारे गए लोगों की सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.
राज्यपाल ने कहा कि समूचा देश मृतकों के परिजनों के साथ खड़ा है.

उन्होंने इस हमले का शिकार हुए रायपुर के व्यापारी दिनेश मिरानिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर ईश्वर से उनकी आत्मा की सद्गति एवं परिजनों को इस विकट परिस्थिति में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है. उन्होंने राज्य प्रशासन को मृतक के परिजनों को हर संभव मदद करने के लिए निर्देशित किया है. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहलगाम आतंकी हमले में रायपुर निवासी मिरानिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.

साय ने कहा, ”यह नृशंस और अमानवीय कृत्य अत्यंत निंदनीय है. आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है, और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”दु?ख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.” साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दु?ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version