राष्ट्रवाणी, 22 मई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया यार्ड में आधारभूत संरचना उन्नयन कार्य के चलते 21 और 22 मई को विशेष ट्रैफिक एवं इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। इस दौरान कई एमईएमयू यात्री ट्रेनों को रद्द किया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कार्य ट्रेनों की सुरक्षा और गति बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार, गोंदिया यार्ड में प्वाइंट नंबर 111B/112ए को 52 किलोग्राम रेल सेक्शन से बदलकर 60 किलोग्राम रेल सेक्शन में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके लिए कुल 8 घंटे 30 मिनट का ब्लॉक निर्धारित किया गया है। इसमें इंजीनियरिंग विभाग को स्विच रिन्यूअल और प्वाइंट सेटिंग जैसे कार्यों के लिए 6 घंटे का समय दिया गया है।
इसके बाद सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग वायरिंग डिस्कनेक्शन, टेस्टिंग और तकनीकी जांच के लिए 2 घंटे का ब्लॉक लेगा। वहीं, ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) टेस्टिंग के लिए विद्युत विभाग को अतिरिक्त 30 मिनट का समय मिलेगा।
ब्लॉक के दौरान गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर 6 और 7 पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। अप दिशा से आने वाली ट्रेनों को अप मेन लाइन के जरिए लाइन नंबर 7, 8, 9 और 10 में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ओएचई टेस्टिंग के दौरान कुछ इलेक्ट्रिक ट्रेनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक भी रहेगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कार्य पूरा होने के बाद डाउन मेन लाइन पर ट्रेनों की गति 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ाई जा सकेगी। साथ ही ट्रेनों का संचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा।
रेलवे के मुताबिक ट्रेन नंबर 68817 गोंदिया-गढ़ा पैसेंजर 21 और 22 मई को रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 68818 गढ़ा-गोंदिया पैसेंजर 21 और 22 मई को रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर 21 और 22 मई को रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर 22 और 23 मई को रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ पैसेंजर 21 मई को रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 68723 डोंगरगढ़-
गोंदिया पैसेंजर 21 मई को रद्द रहेगी। इसी तरह, ट्रेन नंबर 68724 गोंदिया-दुर्ग पैसेंजर 22 मई को रद्द रहेगी।
