नयी दिल्ली. काजोल, सुनील शेट्टी, अल्लू अर्जुन और करण जौहर समेत फिल्म जगत की कई हस्तियों ने रविवार को ‘फादर्स डे’ पर शुभकामनाएं दीं. ‘फादर्स डे’ हर वर्ष जून के तीसरे रविवार को मनाया जाता है. काजोल ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पुरानी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “आत्मविश्वास एक ऐसी चीज है, जिसके बारे में लोग कहते हैं कि मेरे पास बहुत है. यह उस व्यक्ति के लिए है, जिसने मुझे यह दिया और मुझे सिखाया. वह मुझे अपनी शेरनी कहते थे और हमेशा मुझसे कहते थे कि मैं जितना चाहूं उतना जोर से बोलूं और गर्व से बोलूं, बिना किसी लाग लपेट के! इस सप्ताह उनका जन्मदिन भी है और अच्छा लगता है कि पिता दिवस उनके जन्मदिन के इतने करीब आता है.” करण जौहर ने अपने दिवंगत पिता और निर्माता यश जौहर के साथ की कुछ तस्वीरें ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट कीं.

करण ने कहा, “उन्होंने (यश जौहर) दिल से फिल्में और दिल को छू जाने वाली फिल्में बनाईं. उन्होंने जीवन को खुलकर जिया. उन्होंने मुझे सिखाया कि अच्छी कहानी को कहने की शुरुआत आपसे और आपके दिल से होती है. मुझे गहराई से महसूस करने की हिम्मत देने के लिए धन्यवाद. मुझे इन भावनाओं को बड़े पर्दे पर दिखाने की हिम्मत देने के लिए धन्यवाद. आपको शुक्रिया.” सुनील शेट्टी ने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “कोई लंबा-चौड़ा पोस्ट नहीं. कोई नया शब्द नहीं. बस दिल से आभार और धन्यवाद… उस प्यार के लिए जिसने बदले में कभी कुछ नहीं मांगा. मेरे पहले हीरो, मेरी खामोश ताकत, मेरा हमेशा का घर होने के लिए.” अल्लू अर्जुन ने पोस्ट में लिखा, “मेरे भगवान को फादर्स डे की शुभकामनाएं.”

जेनेलिया डिसूजा ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “पिता दिवस की शुभकामनाएं. जब मुश्किलें आती हैं और हालात ज्यादा मुश्किल हो जाते हैं , तो आपने मुझे हमेशा सिखाया है कि क्या करना है. इस मानसिकता के बिना मैं जो हूं उसका आधा भी नहीं बन पाती. मेरी ताकत बनने के लिए आपका धन्यवाद. हर बार जब मुझे लगता है कि मैं नहीं कर सकती, तो मुझे याद आता है कि आप कहते थे कि मैं कर सकती हूं और मैं आगे बढ़ती हूं.” अथिया शेट्टी ने लिखा, “मेरी सबसे बड़ी ताकत को फादर्स डे की शुभकामनाएं. बहुत सारा प्यार.” टाइगर श्रॉफ ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक स्टोरी में जैकी श्रॉफ के साथ अपना एक वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने कहा, “फादर्स डे की शुभकामनाएं. अपना बीडू.” रणदीप सिंह हूडा, रकुल प्रीत सिंह, सूरज पंचोली, अर्जुन कपूर, नेहा शर्मा, बॉबी देओल, सनी देओल और सोहा अली खान ने भी फादर्स डे पर शुभकामनाएं दीं.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version