राष्ट्रवाणी: Karwa Chauth Makeup Tips For Glowing Skin: करवा चौथ का दिन बाकी त्योहारों से थोड़ा अलग होता है. सुबह से व्रत, पूजा की तैयारी, मेहंदी, घर के काम और शाम को तैयार होने की भागदौड़ के बीच खुद के लिए समय निकालना आसान नहीं होता. लेकिन शाम होते-होते जब पूजा के लिए तैयार होना हो तो हर महिला चाहती है कि उसका मेकअप खूबसूरत भी लगे और चांद निकलने तक वैसा ही बना रहे. खासकर करवा चौथ पर मेकअप के साथ एक और परेशानी होती है. दिनभर व्रत रखने के बाद चेहरा थोड़ा थका हुआ और त्वचा ड्राई महसूस हो सकती है. ऐसे में अगर मेकअप सही तरीके से न किया जाए तो फाउंडेशन पैची दिखने लगता है, होंठ सूखने लगते हैं और कुछ घंटों बाद पूरा लुक फीका पड़ सकता है. इसलिए इस दिन मेकअप करते समय सिर्फ खूबसूरत दिखने पर नहीं, बल्कि उसे लंबे समय तक टिकाए रखने पर भी ध्यान देना जरूरी है. करवा चौथ के लिए बहुत ज्यादा हैवी मेकअप करने की जरूरत नहीं है. ऐसा बेस चुनें जो चेहरे को नेचुरल ग्लो दे और लंबे समय तक आरामदायक भी रहे. ड्यूई बेस, गर्म रंगों वाला ब्लश, गोल्ड या ब्रॉन्ज आई मेकअप और रेड, मैरून या डीप कोरल लिपस्टिक इस मौके के लिए अच्छा कॉम्बिनेशन हो सकता है. बहुत ज्यादा पाउडर लगाने से बचें, क्योंकि इससे ड्राई स्किन और ज्यादा उभरी हुई नजर आ सकती है. क्रीम बेस्ड प्रोडक्ट मेकअप को सॉफ्ट और नेचुरल लुक देने में मदद करते हैं. करवा चौथ के दिन मेकअप शुरू करने से पहले स्किन को अच्छी तरह तैयार करना जरूरी है. चेहरा साफ करने के बाद मॉइस्चराइजर लगाएं और कुछ मिनट इसे स्किन में अच्छी तरह सेट होने दें. व्रत के दौरान त्वचा ड्राई महसूस हो सकती है, इसलिए मॉइस्चराइजर को बिल्कुल स्किप न करें. इसके बाद प्राइमर लगाएं. इसे पूरे चेहरे पर मोटी लेयर में लगाने की जरूरत नहीं है. नाक, माथे और ठुड्डी जैसे हिस्सों पर हल्का प्राइमर काफी है. इससे मेकअप को बेहतर बेस मिलेगा और वह जल्दी खराब नहीं होगा. फाउंडेशन कम लगाएं, जरूरत के हिसाब से बढ़ाएं करवा चौथ के मेकअप में सबसे बड़ी गलती बहुत ज्यादा फाउंडेशन लगाना हो सकती है. खास दिन है इसलिए कई लोग फुल कवरेज के लिए चेहरे पर मोटी लेयर लगा लेते हैं, लेकिन कुछ घंटे बाद यही फाउंडेशन बारीक लाइनों में जमा होने लगता है. पहले हल्का से मीडियम कवरेज फाउंडेशन लगाएं. जहां ज्यादा कवरेज की जरूरत हो, वहीं दूसरी हल्की लेयर लगाएं. आंखों के नीचे और नाक के आसपास थोड़ा कंसीलर इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि बेस भारी न लगे. पूरे चेहरे पर पाउडर की मोटी परत लगाने की जरूरत नहीं है. माथे, नाक और ठुड्डी यानी T-जोन पर हल्का पाउडर लगाएं. गालों और आंखों के नीचे बहुत ज्यादा पाउडर लगाने से चेहरा सूखा दिखाई दे सकता है. करवा चौथ की तस्वीरों में हल्का ग्लो वाला चेहरा ज्यादा खूबसूरत नजर आता है, इसलिए बेस को पूरी तरह मैट करने से बचें. करवा चौथ के पूरे लुक में ब्लश काफी फर्क डाल सकता है. पीची या रोजी शेड का ब्लश गालों को फ्रेश लुक देता है. इसके साथ थोड़ा ब्रॉन्जर चीकबोन्स पर लगाया जा सकता है. हाइलाइटर को चेहरे के हाई पॉइंट्स पर हल्का लगाएं. गोल्ड या शैंपेन टोन की चमक दीयों और गर्म रोशनी में अच्छी लग सकती है. ध्यान रखें कि हाइलाइटर बहुत ज्यादा न हो, वरना मेकअप ओवर लग सकता है. करवा चौथ पर गोल्ड, ब्रॉन्ज, कॉपर और सॉफ्ट ब्राउन जैसे आईशैडो शेड काफी अच्छे लगते हैं. खासकर अगर आपने रेड या मैरून रंग का आउटफिट पहना है तो ये शेड पूरे लुक के साथ आसानी से मैच हो जाते हैं. इसके बाद आंखों पर साफ आईलाइनर लगाएं और एक-दो कोट मस्कारा लगाएं. अगर आपको थोड़ा ज्यादा ड्रामेटिक लुक चाहिए तो नेचुरल लैशेज का इस्तेमाल भी कर सकती हैं. लिपस्टिक को चांद निकलने तक टिकाने का तरीका करवा चौथ के लुक में होंठ सबसे ज्यादा आकर्षण खींचते हैं. लेकिन व्रत की वजह से होंठ ड्राई भी हो सकते हैं. इसलिए लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों को अच्छी तरह तैयार करें. पहले लिप प्राइमर लगाएं. इसके बाद लिप पेंसिल से होंठों की आउटलाइन बनाकर अंदर भी हल्का फिल करें. फिर लिपस्टिक की एक पतली लेयर लगाएं. टिश्यू से हल्का ब्लॉट करने के बाद दूसरी पतली लेयर लगाएं. इससे लिप कलर ज्यादा देर तक बना रह सकता है. करवा चौथ के लिए कौन सा लिपस्टिक शेड चुनें?
रेड लिपस्टिक करवा चौथ का क्लासिक ऑप्शन है, लेकिन हर स्किन टोन पर एक ही रेड अच्छा नहीं लगता. हल्की स्किन टोन पर चेरी या रोजी रेड अच्छा लग सकता है. मीडियम या गेहूंआ रंग की त्वचा पर ब्रिक रेड, डीप कोरल या बेरी शेड खूबसूरत लग सकते हैं. वहीं डीप स्किन टोन पर मैरून, वाइन और बर्न्ट ऑरेंज जैसे शेड उभरकर आते हैं. अगर शेड को लेकर कन्फ्यूजन है तो इसे खरीदने या लगाने से पहले हाथ पर टेस्ट कर सकती हैं. अगर आपको ट्रेडिशनल और ग्लैमरस लुक चाहिए तो गोल्ड-ब्रॉन्ज आईशैडो, विंग्ड आईलाइनर, रोजी ब्लश और रेड लिपस्टिक के साथ मीडियम से फुल बेस ट्राई कर सकती हैं. अगर आप सॉफ्ट ग्लैम लुक चाहती हैं तो ग्लोइंग बेस, आंखों पर शैंपेन शिमर, पीच ब्लश और रोजवुड या डीप कोरल लिपस्टिक अच्छा कॉम्बिनेशन रहेगा. वहीं अगर ज्यादा समय नहीं है तो हल्का बेस, क्रीम ब्लश, मस्कारा और टिंटेड रेड लिप के साथ भी खूबसूरत करवा चौथ लुक तैयार किया जा सकता है. मेकअप खराब होने से बचाने के लिए इन गलतियों से बचें करवा चौथ के दिन बहुत ज्यादा पाउडर न लगाएं. ड्राई होंठों पर सीधे लिपस्टिक लगाने से बचें. जिस नए प्रोडक्ट को पहले कभी इस्तेमाल नहीं किया है, उसे त्योहार वाले दिन पहली बार ट्राई न करें. साथ ही मेकअप के लिए आखिरी वक्त तक इंतजार न करें. पूजा और चांद निकलने के समय तक मेकअप फ्रेश रखने के लिए एक छोटा टच-अप किट अपने पास रखें. इसमें लिपस्टिक, लिप पेंसिल, ब्लॉटिंग टिश्यू, ब्लश और छोटा सा हाइलाइटर रखा जा सकता है. सोनम एबीपी लाइव में कंटेंट राइटर हैं. यहां वह लाइफस्टाइल कैटिगरी और इसके अंतर्गत आने वाली सब-कैटिगरीज हेल्थ, होम टिप्स, रिलेशनशिप, ट्रैवल, पैरेंटिंग, ब्यूटी और फैशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. सोनम करीब 15 साल से लेखन की दुनिया में कार्यरत हैं. इससे पहले वह , के आईनेक्स्ट में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. इन सभी जगहों पर उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. सोनम ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन किया है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

