राष्ट्रवाणी 22 जून 2026। खनिज विभाग के संचालक रजत बंसल (आईएएस) के निर्देशानुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने रविवार रात एमसीबी जिले के केल्हारी तहसील क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान रेत के स्वीकृत भंडारण स्थलों एवं संभावित अवैध खनन क्षेत्रों की सघन जांच की गई।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर संयुक्त टीम ने केल्हारी तहसील के दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा तथा हसदेव नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों की जांच की गई। टीम ने मौके पर उपलब्ध रेत की मात्रा का आकलन हाईटेक ड्रोन सर्वे के माध्यम से किया।
निरीक्षण के दौरान भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
खनिज विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में पहुंच विहीन एवं संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन कर ड्रोन तकनीक के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य अवैध रेत उत्खनन एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा खनिज संसाधनों के संरक्षण को सुनिश्चित करना है।
कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और भंडारण के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
