राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा : मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के डीपरापारा में लवकुश साहू 40 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब और उलझ गया है। प्रारंभिक तौर पर इसे करंट लगने या आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम से पहले मिले अहम सुरागों के बाद पुलिस अब हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक के अंडरगारमेंट से एक की-पैड मोबाइल और हस्तलिखित पर्ची मिलने के साथ ही सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मूलरूप से बिहार निवासी लवकुश साहू हमाली का काम करता था और पत्नी बिंदा साहू तथा बच्चों के साथ डीपरापारा में रहता था। करीब आठ वर्ष पहले रोजगार की तलाश में कोरबा आया था। शनिवार शाम वह घर से बाहर निकला था। कुछ देर बाद घर के पास 11 केवी विद्युत पोल के नीचे उसका शव पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल की मर्च्यूरी भेज दिया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम से पहले पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस को मृतक के अंडरगारमेंट के नीचे से एक की-पैड मोबाइल और कागज का एक टुकड़ा मिला। पर्ची में टूटी-फूटी भाषा में कुछ लोगों के नाम लिखे हुए थे। इसमें जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास जैसी बातें दर्ज थीं। पर्ची में लुकवा नाम के साथ कुछ अन्य लोगों का भी उल्लेख मिला है। पुलिस ने मोबाइल और पर्ची को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान भी मिले हैं। इसी कारण अब मामले को केवल करंट लगने या आत्महत्या मानकर नहीं देखा जा रहा है। जांच टीम हर पहलू को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि लवकुश की दूसरी शादी बिंदा साहू से हुई थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है। सीएसपी कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बरामद मोबाइल और पर्ची को जब्त कर लिया गया है। पर्ची किसने लिखी, इसकी हैंडराइटिंग की जांच कराई जाएगी। साथ ही मोबाइल की काल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फारेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लवकुश साहू की मौत आत्महत्या थी या फिर किसी साजिश के तहत उसकी हत्या की गई।
Trending
- दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इस साल अब तक 1242 म्यूल खातों पर कार्रवाई, 117 खाताधारक और 5 म्यूल एजेंट गिरफ्तार, करीब 3 करोड़ रुपए फ्रीज – राष्ट्रवाणी
- Today’s तोप News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सड़क हादसे में घायल, कार सहित नाले में बहे दंपती का शव चौथे दिन बरामद, सेंट्रल जेल में कैदी ने भट्ठी में कूदकर दी जान, आरक्षक ने साथी पुलिसकर्मी के खाते से उड़ाए 4.87 लाख रुपये, सोना बताकर पीतल के हार बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़… पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में विकसित होंगे 4 नए औद्योगिक पार्क, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
- गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री ने अघोर गुरु पीठ बनोरा में किए गुरु दर्शन, बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद – राष्ट्रवाणी
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमरकंटक के मृत्युंजय आश्रम में निःशुल्क भंडारा के लिए अन्नकूट रथ को किया रवाना – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 के पारित होने का किया स्वागत – राष्ट्रवाणी
- शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कौशल परीक्षा अगस्त में होगी आयोजित
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 के पारित होने का किया स्वागत
